नित्य संदेश ब्यूरो
रोहटा। विकास खंड रोहटा की ग्राम पंचायत भोला में सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत आंगन का उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं, ब्लॉक सुपरवाइजर के साथ गांव की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान भोजराज सिंह ने महिलाओं और बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि गांव में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है। उन्होंने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस दौरान ब्लॉक स्तर से सुपरवाइजर प्रगति की मौजूदगी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महिलाओं और बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियां कराईं। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री राजेश, सुमन और पिंकी तथा आशा कार्यकत्री श्रीमती प्रेम और श्रीमती हिमांशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। महिलाओं को बच्चों के उचित पोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल और नियमित निगरानी के संबंध में जानकारी दी गई। बच्चों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन गांव में महिलाओं और बच्चों को एक साथ जोड़ने के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उपयोगी हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

No comments:
Post a Comment