रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। खेल और युवाओं के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ "खेलेगा इंडिया जीतेगा इंडिया" स्पोर्ट फाउंडेशन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का भव्य समापन बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल, मेरठ के प्रांगण में हुआ। 'एक संकल्प जीत का' के मूल मंत्र के साथ आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडीओ ब्लॉक परीक्षितगढ़ रामनरेश ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में मेरठ और आसपास के कई प्रतिष्ठित संस्थानों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के मुख्य परिणाम -
- ग्रुप योग प्रथम स्थान - कन्या गुरुकुल, नारंगपुर
- ग्रुप योग द्वितीय स्थान - ऋषि योगशाला
- व्यक्तिगत चैंपियन (महिला) - इशिता (चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय)
- व्यक्तिगत चैंपियन (पुरुष) - शिवांश (द अध्ययन इंटरनेशनल स्कूल)
प्रतियोगिता में बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल, द अध्ययन इंटरनेशनल स्कूल, ट्रांसलाम एकेडमी मवाना, द आर्यन्स इंटरनेशनल स्कूल, ऋषि योगशाला, कन्या गुरुकुल नारंगपुर, केएमसी पैरामेडिकल कॉलेज और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने विजेता व प्रतिभागी बच्चों को मेडल प्रदान किए, जबकि मुख्य अतिथि रामनरेश ने चैंपियन ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर फाउंडेशन की संस्थापक निदेशक आचार्य रश्मि आर्या ने कहा कि खिलाड़ी के लिए हार-जीत बड़ी बात नहीं है, बड़ी बात यह है कि जीत कर अहंकार न करे और हार कर निराश न हो। योग केवल शरीर को तोड़ने-मोड़ने का नाम नहीं, बल्कि आत्मबल की वृद्धि का माध्यम है और आत्मबल से ही राष्ट्रबल बनता है।कार्यक्रम में उपाध्यक्ष डॉ. गुलशन, मुख्य सचिव आचार्य अलका आर्या सहित उज्ज्वल खोकर, ऋचा आर्य आदि की मुख्य भूमिका रही। अंत में बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन ने सभी का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment