मंजुल त्यागी
नित्य संदेश, मेरठ। पद्मावती उमेश चंद सरस्वती शिशु मंदिर, मेघराजपुर में रेबीज रोग के प्रति जागरूकता के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सीएचसी माछरा के चिकित्सक डॉ. गौरव वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को बताया कि रेबीज संक्रमित पशु के काटने या उसकी लार के संपर्क से फैलने वाला गंभीर संक्रामक रोग है। उन्होंने कहा कि कुत्ते या किसी भी पशु के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोएं और बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें। डॉ. वशिष्ठ ने बच्चों को आवारा पशुओं से दूरी बनाए रखने, उन्हें न छेड़ने तथा काटने पर घरेलू उपचार या अंधविश्वास से बचने की सलाह दी। उन्होंने समय पर टीकाकरण के महत्व पर भी जोर दिया।
प्रधानाचार्य भगत सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना विद्यालय की जिम्मेदारी है। रेबीज के प्रति सही जानकारी और समय पर इलाज अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और डॉ. वशिष्ठ का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment