नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गांधी जयंती पर स्वतंत्रता सेनानी, लोकतंत्र सेनानी एवं सर्वोदय साधक स्वर्गीय कृष्ण कुमार खन्ना की स्मृति में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। आयोजन जिला सर्वोदय मंडल के तत्वावधान में हुआ, संचालन डॉ. सनेवीर पुंडीर ने किया।
सभा में देशभर से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं और गांधीवादी अनुयायियों ने खन्ना के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि खन्ना ने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया, जेल यातनाएं सहीं और स्वतंत्र भारत में भी भ्रष्टाचार व अन्याय के विरुद्ध लंबा संघर्ष किया। उन्होंने सत्य, अहिंसा, पारदर्शिता और अंतिम व्यक्ति के अधिकारों को सार्वजनिक जीवन का आधार बनाया।
वक्ताओं ने कहा कि सच्ची श्रद्धांजलि विचारों को आचरण में उतारना है। उपस्थित लोगों ने भ्रष्टाचार और सामाजिक अन्याय के विरुद्ध लोकतांत्रिक व अहिंसक संघर्ष आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment