नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. की ओर से उत्तर प्रदेश पावर सैक्टर की 52वीं अंतर परियोजना/डिस्कॉम क्रिकेट एवं कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 8 अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश की विभिन्न विद्युत वितरण कंपनियों और विद्युत परियोजनाओं की टीमों के लगभग 250 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 5 अक्टूबर को सुबह 9 बजे गांधी बाग, मेरठ में मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर डिस्कॉम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। क्रिकेट मुकाबले गांधी बाग क्रिकेट ग्राउंड मेरठ और शर्मा नगर क्रिकेट मैदान में आयोजित होंगे। कुश्ती प्रतियोगिता 6 अक्टूबर से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित दारा सिंह कुश्ती हॉल में होगी।
प्रतियोगिता में पश्चिमांचल, दक्षिणांचल, मध्यांचल, पूर्वांचल और केस्को डिस्कॉम सहित अन्य परियोजनाओं की 10 टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन का उद्देश्य विद्युत क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
No comments:
Post a Comment