Breaking

Your Ads Here

Saturday, October 3, 2026

जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या मवाना खुर्द एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर का किया औचक निरीक्षण


विद्यार्थियों से संवाद कर जानी शैक्षिक स्थिति, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या मवाना खुर्द एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर का औचक निरीक्षण कर विद्यालयों में पठन-पाठन, छात्र उपस्थिति एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा सामान्य ज्ञान, विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षिक समझ की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की विषयगत समझ को और बेहतर करने तथा शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, कक्ष-कक्षों एवं परिसर की साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा विद्यालय परिसर में आवश्यक रखरखाव कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों की कॉपियों का भी अवलोकन किया तथा शिक्षकों को नियमित रूप से कॉपियों का मूल्यांकन कर विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं फीडबैक देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति में और सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विद्यालयों की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालयों के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here