Breaking

Your Ads Here

Saturday, October 10, 2026

सरधना के 4 श्रद्धालुओं की मौत, 20 से ज्यादा घायल

 


-शाकंभरी ज्योत लाने गए थे, लौटते में काल बनकर आया कंटेनर


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नवरात्र से पहले ज्योत लेने शाकंभरी देवी गई मेरठ की श्रद्धालुओं की ट्रॉली में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब पीछे से आ रहे बेकाबू कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सरधना थाना क्षेत्र के कुशावली गांव के सर श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शनिवार सुबह करीब 8 बजे सहारनपुर जिला मुख्यालय से लगभग 48 किलोमीटर दूर देवबंद थाना क्षेत्र में हुआ।


जानकारी के अनुसार, कुशावली गांव से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। रविवार से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं, इसलिए वे वहां से नवरात्र की ज्योत लेकर मेरठ लौट रहे थे। लौटते समय देवबंद में सभी ने चाय-नाश्ता करने के लिए ट्रॉली एक दुकान के किनारे रोकी थी। कुछ श्रद्धालु नीचे उतरकर चाय पी रहे थे, जबकि कई ट्रॉली में ही बैठे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में बैठे श्रद्धालु उछलकर 10 फीट दूर सड़क पर जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही देवबंद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। सूचना पर डीएम अरविंद चौहान भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। मृतकों की पहचान अमन राणा (25), रमेश उर्फ रिंकू (55), सागर (22) और पंकज (25) के रूप में हुई है।



अस्पताल पहुंचे संगीत सोम

हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने करीब 20 मिनट तक अस्पताल में रहकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है, चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद कुशावली गांव में मातम पसरा है। गांव में नवरात्र की तैयारी की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here