Breaking

Your Ads Here

Friday, October 9, 2026

विद्या विश्वविद्यालय में फ्रेशर्स पार्टी ‘इग्नाईट 2026’ की धूम, डीजे तुहिना के संगीत पर जमकर थिरके विद्यार्थी




डांस, रंगारंग प्रस्तुतियों और धमाकेदार संगीत ने बांधा समां, नवागंतुक विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। बागपत रोड स्थित विद्या विश्वविद्यालय में शुक्रवार को नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित फ्रेशर्स पार्टी ’’‘इग्नाईट 2026’’’ उत्साह, उमंग और मनोरंजन के रंगों से सराबोर रही। बैच 2026 के विद्यार्थियों के स्वागत में आयोजित इस भव्य समारोह में संगीत, नृत्य और मस्ती का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा विश्वविद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंग गया। प्रसिद्ध डीजे तुहिना की धमाकेदार संगीत प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों ने जमकर डांस किया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या गान, दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह में एकल गीत, युगल गीत और ग्रुप डांस की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए मंच पर उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण डांस रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, डीजे तुहिना की लोकप्रिय धुनों पर विद्यार्थियों ने देर तक थिरकते हुए समारोह के उत्साह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

इस अवसर पर विद्या विश्वविद्यालय के चांसलर प्रदीप कुमार जैन, प्रो-चांसलर विशाल जैन और वाइस चांसलर डॉ. हिरेन दोशी ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने और अपनी उच्च शिक्षा के लिए विद्या विश्वविद्यालय का चयन करने पर बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करने के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में डीन वसुध शर्मा, रीमा वार्ष्णेय, डॉ. प्रेमशंकर मिश्रा, डॉ. नेहा दोशी तथा रजिस्ट्रार विजय कुमार दूबे सहित विश्वविद्यालय के अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

‘इग्नाईट 2026’ केवल एक फ्रेशर्स पार्टी नहीं, बल्कि नए सपनों, नई दोस्ती और नई संभावनाओं की शुरुआत का प्रतीक बना। कार्यक्रम ने नवागंतुक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के वातावरण से जुड़ने, आपसी मेलजोल बढ़ाने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। उत्साहपूर्ण माहौल और यादगार पलों के साथ समारोह का समापन हुआ।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here