विश्वास राणा
नित्य संदेश, गजरौला। महानवरात्रि के पावन अवसर पर नेशनल ब्रांड घूमर यात्रा, गजरौला में तीन दिवसीय डांडिया नाइट्स-2026 महोत्सव का आयोजन करने जा रहा है। यह महोत्सव 16 से 18 अक्टूबर तक गजरौला राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित घूमर यात्रा परिसर में आयोजित होगा।
इस संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में घूमर यात्रा समूह के प्रबंध निदेशक एवं फाउंडर सीईओ संतोष त्यागी और जीएम भवानी सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सिर्फ गजरौला या अमरोहा ही नहीं, बल्कि पूरे मुरादाबाद मंडल के लिए एक अनूठा ऐतिहासिक सांस्कृतिक उत्सव होगा। प्रबंध निदेशक संतोष त्यागी ने बताया कि तीन दिवसीय उत्सव में राजस्थान, जोधपुर व जयपुर घराने के लोकगायक पारंपरिक गीतों पर प्रस्तुति देंगे, वहीं मुंबई और चंडीगढ़ से आई टीम नवरात्रि स्पेशल गीतों पर विशेष डांडिया प्रस्तुति देगी।
महोत्सव में बच्चों और बड़ों के लिए म्यूजिकल गेम्स, राजस्थानी ऊंट की शाही सवारी, चाट-पकौड़ी स्टॉल के साथ-साथ दाल बाटी चूरमा, केर सांगरी, बाजरे की रोटी, लहसुन चटनी, प्याज कचौरी, मिर्ची बड़ा और नवरात्रि स्पेशल व्रत थाली जैसे राजस्थानी व उत्तर भारतीय व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया जा सकेगा। एंट्री फीस: दो लोगों (कपल) के लिए मात्र 200 रुपये और स्टूडेंट कपल के लिए मात्र 150 रुपये रखी गई है। इस अवसर पर चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर निहार त्यागी, निरख त्यागी, डॉ. बीएस त्यागी, सीए विस्मित त्यागी आदि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment