नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा राजभवन, लखनऊ के निर्देशों एवं माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से गढ़वाल सभा में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता सत्र एवं निःशुल्क HPV टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इसके बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा HPV टीकाकरण के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना था।
यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व एवं महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. बिंदु शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन श्रीमती बीना वाधवा, पूर्व उपाध्यक्ष मेरठ कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा किया गया। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय द्वारा महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य एवं रोगों की रोकथाम से संबंधित ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम में गढ़वाल सभा के अध्यक्ष डॉ. आलम सिंह पंवार ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। डॉ. वैशाली पाटिल, प्राचार्य–फार्मेसी, ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर आचार्य राकेश वासलीयाल, महासचिव; विश्वासचंद्र ढ़ोंडियाल, संयोजक; मोहन सिंह नेगी, प्रचार मंत्री; संजय नेगी, संगठन मंत्री; तथा असवाल, वैधानिक सलाहकार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शिविर के सफल आयोजन में सतेंद्र भंडारी, प्रदीप रावत एवं वीरेंद्र नेगी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत फार्मासिस्ट रीता रानी एवं छात्र स्वयंसेवकों द्वारा पात्र लाभार्थियों का निःशुल्क HPV टीकाकरण किया गया। साथ ही प्रतिभागियों की रक्त शर्करा, रक्तचाप (BP), BMI आदि स्वास्थ्य संबंधी मानकों की जाँच की गई और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, HPV संक्रमण से बचाव, समय पर स्वास्थ्य जाँच तथा टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा चरक स्कूल ऑफ़ फार्मेसी एवं स्वामी कल्याण देव चिकित्सालय के संयुक्त तत्वाधानमें इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment