नित्य संदेश ब्यूरो
मवाना। शुक्रवार को शिवपुरी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक और युवती विवाह करने के लिए मंदिर पहुंचे। मामले की जानकारी पर युवती के परिजन भी मंदिर पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को मवाना कोतवाली ले आई।
जानकारी के अनुसार, युवक-युवती मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह की
प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों पहले कोर्ट मैरिज
की तैयारी कर चुके थे और अब मंदिर में शादी करना चाहते थे। इसी दौरान इसकी भनक
युवती के परिजनों को लग गई। परिजन भी तुरंत शिव मंदिर पहुंच गए। मंदिर परिसर में
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से विवाद की स्थिति बन गई। इसे देखते हुए स्थानीय
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ के
बाद युवक और युवती को कोतवाली ले आई।
कंकरखेड़ा थाने में दर्ज है गुमशुदगी
युवती कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, युवती के लापता होने की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही कंकरखेड़ा
थाने में दर्ज कराई जा चुकी है। मवाना पुलिस ने बताया कि युवक-युवती को मंदिर से
थाने लाया गया है और पूरे मामले की जानकारी कंकरखेड़ा थाना पुलिस को दे दी गई है।
दोनों को कंकरखेड़ा पुलिस के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। आगे की
कार्रवाई कंकरखेड़ा थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।

No comments:
Post a Comment