-प्लॉट को लेकर विवाद, दरोगा बना रहा था दबाव, बफावत गांव का मामला
नित्य संदेश ब्यूरो
दौराला। क्षेत्र के बफावत गांव में देर रात 82 वर्षीय जगपाल सिंह की मौत के
बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने बुजुर्ग की मौत के लिए दो बिल्डर
भाइयों और एक दरोगा को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद
ग्रामीण शव को लेकर एसएसपी ऑफिस जाने पर अड़ गए।
मृतक के बेटे राजेश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में कन्हा ग्रीन सिटी में
दो प्लॉट खरीदे थे, जिनकी कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये थी। आरोप है कि बिल्डर
भाइयों ने उन्हीं प्लॉटों को दूसरे लोगों को भी बेच दिया। राजेश के अनुसार,
उन्होंने बिल्डर को करीब 97 लाख रुपये के चेक दिए थे। जब उन्हें प्लॉट दोबारा
बेचने की जानकारी मिली तो उन्होंने विरोध किया। राजेश का आरोप है कि उन्होंने और
उनके पिता जगपाल सिंह ने इस पूरे मामले की शिकायत थाने में की थी, लेकिन बिल्डर के
खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हीं के पक्ष के खिलाफ फर्जी रिपोर्ट दर्ज कर दी
गई। राजेश ने आरोप लगाया कि दरोगा सुभाष चंद्र ने कई बार दबाव बनाया और उन्हें व
उनके पिता को जेल भेजने की धमकी दी।
तनाव में थे बुजुर्ग, हार्ट अटैक से मौत
परिजनों के मुताबिक, दरोगा के दबाव और बिल्डर की कथित धमकियों के कारण जगपाल
सिंह लगातार मानसिक तनाव में थे। इसी तनाव के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी और हार्ट
अटैक से उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर फैलते ही गांव में गुस्सा फैल गया
और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को
ट्रैक्टर-ट्रॉली में रख लिया और एसएसपी कार्यालय ले जाने की जिद पर अड़ गए।
दरोगा और बिल्डर भाइयों के खिलाफ तहरीर
ग्रामीणों का कहना था कि जब तक आरोपी बिल्डर भाइयों और संबंधित पुलिसकर्मी के
खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हंगामे की सूचना
पर दौराला इंस्पेक्टर सुमन सिंह और सीओ दौराला शिव ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर
पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने इस मामले में आरोपी
दरोगा और बिल्डर भाइयों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
सीओ ने दिया जांच का आश्वासन
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने मौके पर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की
निष्पक्ष जांच कर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसआई पर लगे आरोपों की
विभागीय जांच कराए जाने की बात भी कही। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
.jpg)
No comments:
Post a Comment