नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला पीजी कॉलेज की एनसीसी इकाई द्वारा बुधवार को 'नशा मुक्त भारत' अभियान के तहत सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह एवं 22 यूपी गर्ल्स बटालियन मेरठ के कमान अधिकारी कर्नल होपेन्दर ठाकुर के संरक्षण तथा एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. लता कुमार के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
सर्वप्रथम 'नशा मुक्त भारत, हमारी जिम्मेदारी' विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। कैडेट्स ने आकर्षक पोस्टर बनाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह ने पोस्टरों का अवलोकन किया और कैडेट्स को अपने घर के आसपास भी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।प्रतियोगिता में कैडेट सामिया ने प्रथम, कैडेट महक जायसवाल ने द्वितीय तथा सार्जेंट मानविका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक के रूप में प्रो. अनुजा गर्ग उपस्थित रहीं। इसके पश्चात एनसीसी इकाई द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली महाविद्यालय परिसर से निकलकर माधवपुरम सेक्टर-4 से होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान कैडेट्स ने 'नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें' और 'नशा मुक्ति का अभियान, बने जन-जन की पहचान' जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. लता कुमार ने किया। प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह ने सभी कैडेट्स और एनसीसी इकाई के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में 32 कैडेट्स ने सहभागिता की।

No comments:
Post a Comment