नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने आज डिस्कॉम मुख्यालय ऊर्जा भवन मेरठ स्थित कंप्यूटर रूम का औचक निरीक्षण किया। प्रबंध निदेशक लगभग एक घंटे तक कंप्यूटर रूम में रहे और बिलिंग डेटा की गहन जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिल उपलब्ध कराए जाएं ताकि वे निर्धारित तिथि तक भुगतान कर सकें और ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा दिया जाए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता (आईटी) रवि कुमार ने बताया कि मास्टर डेटा से कॉन्फिगरेशन कर सभी रिपोर्ट तैयार की जाती हैं। स्मार्ट मीटर एवं एमआरआई के माध्यम से बनने वाले बिलों की प्रक्रिया तथा बिल एक्सेप्शन की जांच की गई। प्रबंध निदेशक ने हाई रेवेन्यू लॉस फीडर की एटीआर की समीक्षा की और निर्देश दिए कि बॉटम 10 फीडरों की रिपोर्ट डिवीजन, सर्कल एवं जोन वाइज तैयार की जाए। इनपुट बिल्ड एनर्जी के सापेक्ष थ्रू-रेट, एसेसमेंट आदि की दैनिक रिपोर्ट और फीडर/बे-वाइज एनर्जी मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो डेटा मैन्युअली हैंडल किया जाता है उसे एआई के माध्यम से हैंडल किया जाए।
प्रबंध निदेशक ने विद्युत लाइन हानियों को न्यूनतम करने के लिए दैनिक रिपोर्ट तैयार कर संबंधित खंड, मंडल एवं क्षेत्रीय कार्यालय को भेजने और फीडरवार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, अधीक्षण अभियंता रवि कुमार, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता मानवेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment