नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर स्वस्थ भारत की दिशा में विभिन्न स्वास्थ्य, जागरूकता एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रमों का आयोजन महिला अध्ययन केंद्र, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के सहयोग से किया जा रहा है। कुलपति प्रो संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में वर्ष 2023 से सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण संचालित है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिसर में निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में 14–15 वर्ष की आयु की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण की प्रक्रिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम द्वारा संपन्न कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य कम आयु में ही सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और किशोरियों को आवश्यक निवारक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।
टीकाकरण शिविर के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता पर विशेष सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विशेषज्ञ सर्वाइकल कैंसर के कारणों, बचाव, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर जानकारी प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को ध्यान में रखते हुए टीबी रोगियों के लिए पोषण पोटली का वितरण भी किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य टीबी से उपचाराधीन रोगियों को पोषण संबंधी सहयोग प्रदान करना तथा समाज में टीबी के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रातःकाल विश्वविद्यालय परिसर में योग सत्र का आयोजन किया जाएगा। योग के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय परिवार को स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही जिला कारागार, मेरठ में भी कैंसर जागरूकता सेमिनार एवं फल वितरण प्रस्तावित है।
No comments:
Post a Comment