सपना सी.पी. साहू
नित्य संदेश, भोपाल। मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक पद पर डॉ. विकास दवे को पुनः नियुक्त किया गया है। यह उनका सतत तृतीय कार्यकाल होगा।
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डॉ. विकास दवे की साहित्य, संस्कृति और लोक-सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं को देखते हुए उन्हें पुनः इस दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पिछले दो कार्यकालों के दौरान अकादमी की गतिविधियों में अभूतपूर्व विस्तार देखा गया है, जिसमें साहित्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को केवल बड़े शहरों तक सीमित न रखकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों और लोक-जीवन तक पहुंचाया गया है।
डॉ. दवे का यह पुनः मनोनयन उनके पिछले दो सफल कार्यकालों के बाद हुआ है, जो उनकी दीर्घकालिक सांगठनिक और साहित्यिक दृष्टि को दर्शाता है। अपने पिछले कार्यकालों में उन्होंने 'साहित्य को लोक से जोड़ने' के संकल्प के साथ चौपालों, जनजातीय क्षेत्रों और सुदूर अंचलों की प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान किया है। इसके साथ ही अकादमी के माध्यम से कई नए साहित्यिक आयोजनों, पुस्तक प्रकाशनों, युवा रचनाकारों को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं और सांस्कृतिक चेतना का विस्तार करने वाली कार्यशालाओं का भी सफल संचालन किया है।
डॉ. विकास दवे की पुनः नियुक्ति पर मध्यप्रदेश के साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक जगत के गणमान्य जनों, वरिष्ठ साहित्यकारों एवं युवा रचनाकारों में हार्दिक हर्षिता छा गई है। उन्हें सभी साहित्य अनुरागियों द्वारा बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही हैं। साहित्यिक समुदाय ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके इस नए कार्यकाल में प्रदेश की साहित्यिक यात्रा को एक नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त होगी।

No comments:
Post a Comment