Breaking

Your Ads Here

Sunday, September 13, 2026

भाषा के विस्तार में तकनीक की भूमिका अहम- डॉ साधना श्रीवास्तव


नित्य संदेश ब्यूरो


मेरठ: स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में “डिजिटल युग में हिंदी की नई उड़ान” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज की वरिष्ठ मीडिया शिक्षिका डॉ. साधना श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। इस अवसर पर डॉ साधना श्रीवास्तव का विश्वविद्यालय की परंपरा अनुसार विभागाध्यक्ष प्रो (डॉ) ऋतेश चौधरी, कार्यक्रम के संयोजक डॉ आशुतोष वर्मा, डॉ संतोष कुमार गौतम, डॉ प्रीति सिंह आदि के द्वारा पादप देकर स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया।



व्याख्यान में अपने संबोधन में डॉ.साधना श्रीवास्तव ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने हिंदी के स्वरूप, प्रयोग और पहुंच को व्यापक रूप से बदल दिया है। सोशल मीडिया, ब्लॉग, वेबसाइट, पॉडकास्ट, यूट्यूब, डिजिटल समाचार माध्यम तथा ऑनलाइन शिक्षा के विस्तार ने हिंदी को वैश्विक स्तर पर संवाद की प्रभावशाली भाषा बनने का अवसर दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे तकनीक को केवल मनोरंजन का माध्यम न मानकर हिन्दी के सृजनात्मक और व्यावसायिक विकास के लिए उसका उपयोग करें। डॉ. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को डिजिटल पत्रकारिता में भाषा की शुद्धता, तथ्यपरकता और प्रस्तुति की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते मीडिया परिवेश में हिंदी पत्रकारिता के सामने अवसरों के साथ कई चुनौतियां भी हैं। फेक न्यूज, भाषाई अशुद्धता, बिना सत्यापन के सूचनाओं का प्रसार तथा क्लिक आधारित पत्रकारिता जैसी प्रवृत्तियों से सावधान रहना आवश्यक है।



कार्यक्रम की अध्यक्षता पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ऋतेश चौधरी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा, “डिजिटल क्रांति ने हिंदी को अभिव्यक्ति का अभूतपूर्व मंच प्रदान किया है। आज आवश्यकता ऐसे मीडिया प्रोफेशनल तैयार करने की है, जो तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ-साथ हिंदी भाषा की गरिमा, शुद्धता और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी समझें। हिंदी का भविष्य डिजिटल माध्यमों में अत्यंत उज्ज्वल है।” उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रचनात्मक, विश्वसनीय और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी हिंदी सामग्री तैयार करने का आह्वान किया।



कार्यक्रम के अंत में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक आचार्य राम प्रकाश तिवारी ने अतिथि वक्ता, विभागाध्यक्ष, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के विशेष व्याख्यान विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष की शिक्षा से आगे बढ़कर मीडिया की बदलती वास्तविकताओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।  कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here