नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा सम्मानित विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 01 अगस्त से 31 अगस्त तक डिस्कॉम के सभी जनपदों में विशेष बिल संशोधन कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है।
निगम द्वारा बताया गया कि शिविरों में बिल संशोधन, नए विद्युत संयोजन के आवेदन, भार वृद्धि, खराब मीटर, विधा परिवर्तन, टैरिफ श्रेणी परिवर्तन, बिजली बिल जमा करने की सुविधा, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट तथा UPPCL Smart App डाउनलोड करने और उसके उपयोग संबंधी सभी समस्याओं का एक ही पटल पर समाधान किया जा रहा है। उपभोक्ता बिना कार्यालय आए घर बैठे भी 1912 हेल्पलाइन नंबर तथा 7859804803 WhatsApp Chatbot नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा कर त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
अब तक का निस्तारण - विशेष बिल संशोधन कैम्पों में अब तक 988 गैर स्मार्ट मीटर और 516 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसके अतिरिक्त 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से 2476 शिकायतें पंजीकृत की गई हैं। गैर स्मार्ट मीटर के 988 बिल संशोधन प्रकरणों में से 601 और स्मार्ट मीटर के 516 प्रकरणों में से 284 का निस्तारण किया जा चुका है। 327 मीटर संबंधी शिकायतों में से 234 मीटर प्रतिस्थापित कर दिए गए हैं।
वहीं टैरिफ परिवर्तन के 70 प्रकरण प्राप्त हुए जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया है। मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अपडेट के 921 और UPPCL Smart App से संबंधित 412 प्रकरणों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने निकटतम खंड, उपखंड, सहायक अभियंता तथा अधिशासी अभियंता कार्यालय में आयोजित विशेष बिल संशोधन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
No comments:
Post a Comment