नित्य संदेश, इंदौर। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों की सफल वापसी और स्थानीय समुदायों के साथ उनके अनूठे सह-अस्तित्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म "Neighbours of the Beast" का चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित 'Flickers' Rhode Island International Film Festival (RIIFF) 2026' के लिए हुआ है। 4 से 9 अगस्त 2026 तक प्रोविडेंस (रोड आइलैंड) में आयोजित होने वाले इस 44वें अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में 110 से अधिक देशों की 7,050 से ज्यादा प्रविष्टियों में से चुनी गई महज 20 फिल्मों में इस डॉक्यूमेंट्री ने अपनी जगह बनाई है। यह उपलब्धि पन्ना की समृद्ध जैव विविधता, गोंड व पारधी समुदायों की परंपराओं और मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाने जा रही है।
 |
| राघवेंद्रसिंह |
स्वतंत्र फिल्मकार सार्थक वर्मा के निर्देशन में बनी यह डेब्यू डॉक्यूमेंट्री पन्ना के मडला गांव और वहां के सफारी गाइडों के अनुभवों के जरिए मानव-वन्यजीव साझेदारी की संवेदनशील कहानी को बयां करती है। फिल्म उजागर करती है कि कैसे बाघों की वापसी के बाद पर्यटन व विकास के नए अवसरों के साथ स्थानीय आदिवासी समुदाय और बाघ एक-दूसरे की सुरक्षा व समृद्धि के आधार बन गए हैं। इस प्रोजेक्ट में राघवेंद्र सिंह चौहान (एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर), धीमान कर्मकार (साउंड डायरेक्टर), मियांका सेखरी (एडिटर), करण सालुंखे (डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी), नैमिष जोशी (एसोसिएट डीओपी) और समर्थ चावला (संगीतकार) की प्रमुख तकनीकी भूमिका रही है।
No comments:
Post a Comment