नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ पुलिस द्वारा की गई कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी नेता शैंकी वर्मा ने तत्कालीन एसएसपी आईपीएस अविनाश पांडे द्वारा उद्धृत किए गए श्लोक पर तीखा जवाब दिया है।
शैंकी वर्मा ने कहा, “शक्ति का वास्तविक आभूषण संयम और पद की वास्तविक प्रतिष्ठा न्याय से होती है। समुद्र अपनी मर्यादा में रहकर महान है, उसी प्रकार वर्दी और सत्ता की शक्ति भी तभी सम्मानित होती है जब वह कानून और न्याय की मर्यादा में रहे।” उन्होंने कहा कि यह मामला किसी एक व्यक्ति या समाज का नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के सम्मान, कानून के शासन और पुलिस की जवाबदेही का सवाल है।
भाजपा नेताओं से की ये मांग
शैंकी वर्मा ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, संगीत सोम, अमित अग्रवाल और धर्मेंद्र भारद्वाज सहित सभी जनप्रतिनिधियों से इस मामले में खुलकर सामने आने की अपील की। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कोई भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
“जीरो टॉलरेंस केवल भाषणों में नहीं, कार्रवाई में दिखाई देनी चाहिए। यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी है तो कानून सबके लिए समान होना चाहिए, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो,” शैंकी वर्मा ने कहा।
No comments:
Post a Comment