
• राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय, इंदौर में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। क्षेत्र क्रमांक-2 के लोकप्रिय विधायक रमेश मेंदोला ने युवाओं को खेलों से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। जनप्रतिनिधि चंदू राव शिंदे ने कहा कि खेल युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।

प्राचार्य मेजर डॉ. संजय सोहनी ने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बबीता अग्रवाल ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व के साथ हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनकी अद्भुत खेल प्रतिभा एवं राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी उत्कृष्ट हॉकी से विश्वभर में भारत की पहचान और प्रतिष्ठा को मजबूत किया। 1936 के बर्लिन ओलंपिक में उनके नेतृत्व में भारतीय हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। जर्मनी के विरुद्ध फाइनल में उनके शानदार प्रदर्शन ने भारतीय हॉकी की श्रेष्ठता का प्रभावशाली परिचय दिया और विदेशी धरती पर भारत का गौरव बढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों से मेजर ध्यानचंद के अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की छात्रा तनिष्का ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पिट्टू, टेबल टेनिस, चेयर रेस एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा क्विज में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रशासनिक अधिकारी डॉ. स्मिता चैतन्य, डॉ. जी. आर. मोरे सहित समस्त प्राध्यापकगण की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निशांत मिश्रा ने किया तथा आभार डॉ. प्रगति जैन ने व्यक्त किया।
No comments:
Post a Comment