इकराम चौधरी
नित्य संदेश, लखनऊ। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव इकराम चौधरी ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक पत्र सौंपा।
पत्र में इकराम चौधरी ने मांग की है कि मेरठ जनपद की सभी सात विधानसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा जल्द से जल्द की जाए, ताकि घोषित प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र में जनता के बीच जाकर संवाद स्थापित कर सकें और चुनाव की तैयारी को मजबूती मिल सके। पत्र में उन्होंने पार्टी हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में रहकर जो लोग पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं, ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी नेतृत्व द्वारा जिसे भी प्रत्याशी बनाया जाए, सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का दायित्व है कि वे एकजुट होकर तन-मन-धन से उसका सहयोग करें।
इकराम चौधरी ने कहा, "किसी व्यक्ति से हमारे व्यक्तिगत मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जब पार्टी नेतृत्व किसी को प्रत्याशी बनाकर भेजता है तो हमारा कर्तव्य बनता है कि हम उसका समर्थन करें और उसे कामयाब बनाएं। अगर हमारे प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र से जीतकर जाते हैं, तो उत्तर प्रदेश में बहुमत के साथ समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।"
उन्होंने पत्र में यह भी मांग की कि अगर समाजवादी पार्टी में रहकर कोई भी व्यक्ति पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी का विरोध करता है या उसे नुकसान पहुंचाने की मंशा से कार्य करता है, तो उसे पार्टी का हमदर्द नहीं माना जाए और ऐसे लोगों पर माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संज्ञान लें।
उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी को टिकट मांगने का हक है, परंतु अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा और नेतृत्व का निर्णय सभी के लिए सर्वमान्य होना चाहिए। जो लोग पार्टी के अंदर रहकर पार्टी को तोड़ने का काम कर रहे हैं, उनसे पार्टी को नुकसान होगा। ऐसे लोगों पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई होनी चाहिए।
अंत में उन्होंने कहा कि पार्टी का हर निर्णय सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं के हित में होगा और सभी को मिलकर पार्टी को मजबूत करना है।
No comments:
Post a Comment