Breaking

Your Ads Here

Sunday, August 9, 2026

कांवड़ियों के बीच पहुंचकर बोले डीएम, भोले- कोई परेशानी तो नहीं

 


-शिविरों में परखी स्वास्थ्य सुविधाएं, कांवड़ियों को बांटी फ्रूटी, पानी और प्रसाद

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्गों पर व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ रजवाहा कांवड़ मार्ग, रार्धना से सरूरपुर तक का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कांवड़ शिविरों में पहुंचकर संचालकों से बातचीत की और शिवभक्तों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।


डीएम ने कांवड़ मार्ग पर बने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध दवाइयों का स्टॉक देखा और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जानकारी ली। स्वास्थ्यकर्मियों से कांवड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित उपचार की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर सुचारु रहें और जरूरत पड़ने पर शिवभक्तों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रास्ते में कांवड़ियों से बातचीत कर यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पेयजल, विश्राम, स्वास्थ्य और मार्ग की व्यवस्था को लेकर सीधे शिवभक्तों से फीडबैक लिया। डीएम ने पूछा कि यात्रा के दौरान सुविधाएं कैसी मिल रही हैं और शिविरों में व्यवस्थाएं ठीक हैं या नहीं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और शिविर संचालक मौजूद रहे।



बढ़ती संख्या के बीच व्यवस्थाओं पर नजर

कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में मार्ग पर शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान इन व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।


शिविर संचालकों से भी की बातचीत

डीएम ने कांवड़ शिविर संचालकों से भी बातचीत की और शिवभक्तों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कांवड़ियों को भोजन, पानी, विश्राम और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं निरंतर उपलब्ध रहें। प्रशासन और शिविर संचालकों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कांवड़ यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here