Breaking

Your Ads Here

Sunday, August 9, 2026

इंदौर ने फिर रचा इतिहास : रेवती रेंज पर 13,10,012 पेड़ो की गिनती कर बनाया विश्व रिकॉर्ड

• एक स्थान पर लाखों पौधे लगा कर 2 साल में उन्हें पेड़ बनाने का बनाया  विश्व कीर्तिमान

• भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष  बने विश्व रिकॉर्ड के साक्षी ,साथ ही इंदौर वासियों में आज फिर किया 51000 पौधारोपण


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। शहर के नाम एक ओर उपलब्धि दर्ज हो गई। एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने रेवती रेंज पर पेड़ों की गिनती कर घोषणा की कि रेवती रेंज पर वर्तमान में 13 लाख 10 हजार 12 वृक्ष हैं। किसी एक स्थान पर लाखों पौधे लगाकर उनको वृक्ष बनाने का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है।


साल 2024 में रेवती रेंज पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ इंदौर के लोगो ने 1241000 से अधिक पौधे लगा कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था बाद में वहां एक नर्सरी भी बनाई गई ताकि जो पौधे मर जाए उनके स्थान पर तुरंत दूसरे पौधे लगा दिए जाए, साल 2025 भी 1 लाख पौधारोपण लोगों द्वारा रेवती रेंज पर किया गया था।


 इस अवसर पर बोलते हुए संस्था के अध्यक्ष अंतिम जैन ने कहा कि एक ही जगह पर एक साथ लाखों पौधे लगाना और दो साल तक उनका संरक्षण कर वृक्ष लगाने का काम मु्ख्यमंत्री मोहन यादव,  मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगर निगम और इंदौरवासियों ने किया है। विश्व कीर्तिमान में इस बात की सूक्ष्मता से जांच की गई कि साल 2024 में रोपे गए पौधों में से कितने पौधे सुरक्षित और जीवित हैं।

इंदौर ने सिविक सेंस की मिसाल कायम की है

इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री बी.एल.संतोष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के 'एक पेड़ माँ के नाम' के संकल्प को इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय जी ने सिद्धी तक पहुंचाया है। आज से दो साल पहले हमने केवल विश्व कीर्तिमान नहीं बनाया था बल्कि धरती की सेहत को सुधारने और आने वाले भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए यहां पौधारोपण किया था। सिर्फ पौधे लगाए नहीं उनका पालन-पोषण और संरक्षण किया, जिससे आज रेवती रेंज की पथरीली जमीन हरियाली से लहलहा रही है। हमारे यहां सिविक सेंस की हालत आप सभी को पता है। कहीं भी कचरा फेंक देते हैं लाइट चालू छोड़ देते हैं, लेकिन इंदौर ने सालों पहले इसमें भी मिसाल कायम की और पिछले 10 सालों से इंदौर स्वच्छता में देश में नंबर वन बना हुआ है। मुझे यकीन है कि आप सभी इंदौर को जल्द ग्रीन सिटी का भी खिताब दिलवाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी जी ने पिछले सालों में दो संकल्प लिए। 'पर्यावरण सुरक्षा के लिए जीवन शैली' और 'एक पेड़ माँ के नाम'। 'एक पेड़ माँ के नाम' नारा नहीं संकल्प है। यह पर्यावरण और माँ दोनों के लिए आभार व्यक्त करना है। मुझे महापौर जी ने बताया कि हम इंदौर को क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी के साथ पॉल्यूशन फ्री सिटी बनाने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। रेवती रेंज पर हरियाली, तालाबों के साथ दूसरी पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं भी रहेगी, जिससे यह क्षेत्र ऑक्सीजन क्लिनिक का काम करेगा। 

इंदौर देश को हरित क्रांति का संदेश देगा

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज के दिन 9 अगस्त को भारत छोड़ों आंदोलन का आगाज हुआ था। इसलिए आज हम सभी क्रांतिकारियों को नमन करते हैं। पेड़ साक्षात शिव के समान होते हैं। जहर रूपी कार्बन डाई ऑक्साईड को ग्रहण करते हैं और ऑक्सीजन रूपी अमृत को देते हैं। इसलिए आप जब एक पेड़ लगाते हैं तो एक शिव मंदिर का निर्माण करते हैं। इसलिए आप लोगों ने यहां 12 लाख 41 हजार शिवालय का निर्माण किया है इसलिए मैं आपका हाथ जोड़ कर अभिनंदन करता हूं। एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के 100 लोग 7 अगस्त से रेवती रेंज पर पेड़ों की गिनती कर रहे हैं। हमने कहा है कि कम हो तो हमें बता देना ज्यादा हो तो प्रणाम पत्र देना। इन पौधों को पेड़ बनाने में नगर निगम और विशेषकर जनकार्य समिति के सदस्य राजेंद्र राठौड़ जी ने बहुत मेहनत की है। हम सभी ने मिलकर इंदौर को क्लीन बनाया है अब हमें ग्रीन बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने एक पेड़ माँ के नाम का संकल्प लिया और हम इंदौर के लोगों ने उनके संकल्प को सिद्धी तक पहुंचाने का दृढ़ निश्चय किया। इस साल हमने 21 लाख का संकल्प लिया है और वृक्षारोपण का यह अभियान प्रत्येक रविवार को चलेगा। मेरा आपसे निवेदन है कि अपने जन्मदिन पर एक पौधा रोपे। यहां रेवती रेंज पर आपको पौधा भी मिलेगा और गड्ढा भी खुदा हुआ रहेगा। क्रांतिकारियों ने  क्रांति का झंडा थामकर देश को आजाद करवाया था, आज हम भी संकल्प ले की समाज के दुश्मन प्रदूषण को खत्म करने लिए वृक्ष लगाकर इंदौर में एक क्रांति पैदा करेंगे और देशभर में हरित क्राति का संदेश देंगे।  


जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री के वृक्षारोपण के संकल्प को कैलाश जी ने रेवती रेंज पर पूर्ण किया, पर्यावरण संरक्षण हमारी संस्कृति का हिस्सा है। माँ अहिल्या की यह नगरी क्लीन भी है और ग्रीन भी है।

एक पेड़ माँ के नाम के अभियान में हम दुनिया को दिशा देने का काम करेंगे 

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के एक छोटे से आह्वान पर हर व्यक्ति ने अपनी माँ की स्मृति में, माँ के नाम से पौधा लगाकर भारत को दुनिया में स्थापित करने का काम किया है,  इसी क्रम मे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी एक बगिया मां के नाम अभियान अंतर्गत पेड़ के साथ-साथ जलगंगा संवर्धन में पेड़ लगाओ। पानी बचाओ अभियान को जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करने का काम किया।  माननीय नगरीय प्रशासन एंव विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के आव्हान पर शहर में एवं रेवती रेंज क्षेत्र में  पौधे लगाकर विश्व कीर्तिमान बनाया, आज। उसी स्थान पर आज पुनः पर्यावरण की दृष्टि से पौधा रोपण किया जा रहा है। 


महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हमारी युवा तरुणाई, जो अलग भाव से इस देश को आगे बढ़ाने का काम कर रही है ऐसे विभिन्न स्कूलों से एनजीओ से पधारे युवा साथियों यह इंदौर का सौभाग्य है कि देश का सबसे स्वच्छ शहर जो पूरी दुनिया में क्लीन सिटी के नाम से जाना जाता है, उस क्लीन सिटी को ग्रीन सिटी बनाने का संकल्प हमने लिया। इंदौर ने लगातार अलग अलग वर्षों में पौधारोपण के लिए गए संकल्प को पूरा किया है, जिसमें युवा साथियों की बहुत बड़ी भूमिका रही है, हर व्यक्ति ने एक पेड़ माँ के नाम लगाया और इस देश के सबसे स्वच्छ शहर को सबसे हरित शहर बनाने का भी संकल्प लिया है। 


उन्होंने कहा कि देश के सबसे स्वच्छ इंदौर शहर में केवल स्वच्छता के साथ-साथ स्वाद, सभ्यता, संस्कृति और सेवा जिसका मूल स्वरूप है और जिसने अपने प्रयासों से केवल सफाई में नहीं इस पूरे पर्यावरण को एयर क्वालिटी इंडेक्स। में भी नंबर 1 रखने के प्रयासों में भी नंबर 1 हासिल किया। उन्होंने कहा कि इंदौर के युवा ने तो अपनी शक्ति से हमेशा परिवर्तनकारी काम किए हैं। मुझे विश्वास है एक पेड़ माँ के नाम के अभियान में भी। हम दुनिया को दिशा देने का काम करेंगे। पर्यावरण संरक्षण के इस महा अभियान में सहयोगी नगर निगम की टीम को विशेष रूप से धन्यवाद देता हूं।

रेवती रेंज के फल उद्यान से आने वाले 10 साल में नगर निगम को होगी कमाई

जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि रेवती रेंज में  एक लाख पौधारोपण का इस साल लक्ष्य है और आज 51 हजार पौधारोपण किया गया है। पौधारोपण के लिए 51 हजार गड्ढे 400 मजदूर, 6 ट्रैक्टर, 2 पोकलेन और 4 जेसीबी की मदद से किए गए। इसके अलावा बीएसएफ की रिक्त भूमि पर भी वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' प्रधानमंत्री मोदी जी ने शुरू किया है इसलिए रेवती रेंज पर पौधों से मोदी जी की तस्वीर बनाई जा रही है, जिसको ड्रोन और हेलिकॉप्टर से देखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि रेवती रेंज के फल उद्यान से आने वाले 10 साल में नगर निगम की कमाई शुरू हो जाएगी। 

इस अवसर पर जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौड़ का वृक्षारोपण में अहम योगदान देने पर बी एल संतोष के द्वारा सम्मान किया गया। सेना के लिए जवानों को ट्रेंड करने के लिए जीतेंद्र फौजी को एक लाख का चेक दिया गया और वृक्षारोपण के लिए काम करने वाले इंनफ्लूएंसर आदेश सोनी का सम्मान किया गया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, भाजपा नेता संजय शुक्ला, अक्षय कांति बम, विशाल पटेल  इंदौर प्रभारी रविंद्र रावत, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह, पटपटा हुआ है महापौर परिषद सदस्य मनीष शर्मा, मामा सचेतक कमल वाघेला सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और स्कूल, कॉलेजों के 12 हजार से ज्यादा लोगो ने इस वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here