नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में रविवार को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत - संकल्प अभियान” का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सजीव प्रसारण के साथ शुरू हुआ। यह अभियान युवाओं को नशे से दूर रखकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर स्थित सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत कर उन्हें मंचासीन किया गया। कार्यवाहक कुलपति प्रोफेसर हरे कृष्णा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा नशा मुक्त होकर अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करेगा। कार्यक्रम समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. डी.के. चौहान ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। मुख्य कुलानुशासक प्रोफेसर वीरपाल सिंह ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में नशा मुक्ति को आत्मिक शुद्धि और सामाजिक उत्थान से जोड़ा। कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह ने ध्यान के माध्यम से अंतर्मन की चेतना को सशक्त बनाने का अभ्यास कराया।
मुख्य अतिथि न्यूरोसाइकिएट्रिस्ट डॉ. रवि राणा ने विभिन्न प्रकार के नशे और उनसे शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. के.के. शर्मा ने किया। इस दौरान प्रो. भूपेंद्र सिंह ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की शपथ दिलाई। प्रेक्षागृह में मौजूद सभी लोगों ने प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन को ऑनलाइन माध्यम से सुना।
इस अवसर पर डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. आराधना, डॉ. गार्गी, डॉ. रजनी श्रीवास्तव, डॉ. निर्लेप कौर, डॉ. वंदना, डॉ. प्रिया, डॉ. प्रदीप, डॉ. सी.पी. सिंह, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. कुलदीप सिंह मलिक, डॉ. अंजली शर्मा, करतार सिंह, नेहा राजपूत, प्रियांशी भारद्वाज, आकांक्षा, संघमित्रा, स्वाति सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. डी.के. चौहान ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
No comments:
Post a Comment