रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। श्रद्धा और सेवा की मिसाल पेश करते हुए जय मां पूठी वाली मंदिर सेवा समिति द्वारा पूठी नहर स्थित देवी मंदिर परिसर में 73वां विशाल कांवर सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस पवित्र आयोजन में हजारों कांवरियों ने पहुंचकर शिविर का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ पूठी नहर स्थित देवी मंदिर के महंत श्री देवीदास महाराज के सानिध्य एवं आशीर्वाद से किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 73 वर्षों से लगातार यह सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में कांवरियों के लिए ठंडे पानी, शरबत, फल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई थी। दर्जनों स्वयंसेवकों ने दिन-रात सेवा में तत्पर रहकर श्रद्धालुओं की प्रेम भाव से सेवा की। महंत श्री देवीदास महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि "कांवरियों की सेवा करना ही सच्ची ईश्वर सेवा है। जय मां पूठी वाली सभी भक्तों की मनोकामना पूर्ण करें।" उन्होंने समिति के सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे परिसर में "बोल बम" और "जय माता दी" के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। समिति ने सभी ग्रामवासी, दानदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया जिनके मनोज त्यागी ब्रह्म सिंह नरेंद्र शर्मा नितिन शिवकुमार आदि का विशेष सहयोग रहा

No comments:
Post a Comment