नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), मेरठ में शनिवार को 'नशा मुक्त युवा - विकसित भारत 2026' अभियान के अंतर्गत विविध जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी युवा संबोधन का सजीव प्रसारण रहा। विश्वविद्यालय के सभागार में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक साथ लाइव प्रसारण देखा और नशा मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सकारात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुँवर शेखर विजेंद्र ने अपने संदेश में कहा, "नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे।"
अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों द्वारा रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
• स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज द्वारा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता
• स्कूल ऑफ लॉ एंड कॉन्स्टीट्यूशनल स्टडीज द्वारा युवा संवाद एवं प्रेरक व्याख्यान
• स्कूल ऑफ बायोमेडिकल इंजीनियरिंग एंड हेल्थ साइंसेज द्वारा स्लोगन लेखन प्रतियोगिता
• स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग एंड लाइफ साइंसेज द्वारा निबंध लेखन प्रतियोगिता
• स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर एंड एनवायरनमेंटल साइंसेज द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता
पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने "जीवन चुनें, नशा नहीं" और "डिजिटल यूथ फॉर अ ड्रग-फ्री इंडिया" थीम पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। नुक्कड़ नाटक, निबंध और स्लोगन के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि 'नशा मुक्त युवा - विकसित भारत 2026' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने का राष्ट्रीय आंदोलन है। शोभित विश्वविद्यालय भविष्य में भी राष्ट्र निर्माण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने "नशा मुक्त भारत - विकसित भारत" का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment