नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गुरु पूर्णिमा महापर्व के उपलक्ष्य में शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में दुपहिया रोड, रोहटा रोड स्थित गायत्री चेतना केंद्र, मेरठ पर वृक्षारोपण एवं पंचकुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शांतिकुंज हरिद्वार से आई प्रतिनिधि टोली के टोली नायक देवता प्रसाद एवं उनकी टोली द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया।
गायत्री परिवार मेरठ के जिला प्रवक्ता दुष्यंत रोहटा ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर सभी भक्तों ने एक साथ मिलकर अपने गुरु पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के नाम से एक-एक पौधा रोपित कर प्रकृति संतुलन में अपना योगदान दिया। इसके साथ ही गायत्री महायज्ञ में सभी ने गायत्री मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां प्रदान कर अपने गुरु को नमन किया। टोली नायक ने इस अवसर पर गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए उपस्थित भक्तजनों को गुरु दीक्षा संस्कार, जन्मदिन संस्कार सहित अन्य संस्कार संपन्न कराए और जीवन में गुरु के महत्व तथा प्रकृति में वृक्षारोपण के महत्व और संतुलन पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी जी.के. अग्रवाल एवं ओमकार सहारन द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जबकि गुरु पूजन का शुभारंभ प्रभात कुमार शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी भक्तजनों को पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में रणवीर सिंह, रुद्राक्ष शर्मा, अखिलेश, राम अवतार तोमर, प्रतिभा अग्रवाल, मृदुल गोयल, राजवीर सिंह, रानी देवी, जितेंद्र मलिक, रमेश मलिक, चंद्रशेखर चौहान, मेघा सिंह, अनीता, सत्यवती सहित सैकड़ों भक्तजन उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment