• मेरठ में साकेत स्थित राजकीय
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से होगी शुरुआत
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। योगी सरकार की नई पहल से अब मेरठ के आईटीआई छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ कमाई भी कर सकेंगे। प्रदेश सरकार की 'अर्न व्हाइल यू लर्न' योजना के तहत राजकीय आईटीआई साकेत के विद्यार्थियों को कक्षा में सैद्धांतिक शिक्षा के साथ उद्योगों और प्रतिष्ठानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में विद्यार्थियों को काम के बदले पारिश्रमिक भी मिलेगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में पहला कदम बढ़ाएंगे।
योजना के तहत मेरठ के राजकीय आईटीआई साकेत को चुना गया है। यहां सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले फैशन
टेक्नोलॉजी और मोटर मैकेनिक ट्रेड के विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठाएंगे। शुरुआती
तीन माह तक छात्र-छात्राएं संस्थान में नियमित पढ़ाई करेंगे। इसके बाद उन्हें
संबंधित प्रतिष्ठानों में भेजा जाएगा, जहां वे अपने विषय से जुड़े
कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
बुटीक और मोटर सेंटर बनेंगे प्रशिक्षण केंद्र
फैशन टेक्नोलॉजी ट्रेड की छात्राएं शहर के प्रतिष्ठित बुटीक से जुड़कर
डिजाइनिंग, सिलाई और परिधान निर्माण की
बारीकियां सीखेंगी। वहीं मोटर मैकेनिक ट्रेड के छात्र प्रमुख मोटर रिपेयरिंग
सेंटरों पर इंजन, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और वाहन मरम्मत
का व्यावहारिक प्रशिक्षण लेंगे। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को उनके कार्य
के अनुसार भुगतान भी किया जाएगा।
पढ़ाई के साथ बढ़ेगा रोजगार का कौशल
इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री या प्रमाणपत्र तक सीमित न
रखकर उन्हें उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। इससे
छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण पूरा करते ही रोजगार के लिए तैयार होंगे और स्वरोजगार की
दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे।
हर जिले में अलग-अलग ट्रेंड का चयन
प्रदेश सरकार ने प्रत्येक जिले की औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए अलग-अलग
ट्रेड का चयन किया है। मेरठ में फैशन टेक्नोलॉजी और मोटर मैकेनिक ट्रेड को इस
योजना में शामिल किया गया है। आगे चलकर अन्य ट्रेडों को भी चरणबद्ध तरीके से जोड़े
जाने की संभावना है।
मेरठ के 40 आईटीआई में साकेत को मिली
जिम्मेदारी
मेरठ जिले में वर्तमान में छह राजकीय और 34 निजी आईटीआई संचालित हैं। कुल 40 संस्थानों में से राजकीय आईटीआई साकेत को इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए चयनित किया गया है। इससे जिले के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
प्राचार्य बोले, प्रशिक्षण के साथ आमदनी का भी
अवसर
राजकीय आईटीआई साकेत के प्राचार्य संजीव कुमार ने बताया कि योजना का उद्देश्य
विद्यार्थियों को कक्षा में सीखी गई तकनीकी शिक्षा का व्यवहारिक अनुभव दिलाना है।
उन्होंने कहा कि फैशन टेक्नोलॉजी और मोटर मैकेनिक ट्रेड के छात्र-छात्राएं
प्रशिक्षण के दौरान कमाई भी करेंगे और कोर्स पूरा होने तक अपने क्षेत्र में दक्ष
हो जाएंगे। इससे रोजगार पाने या स्वयं का काम शुरू करने में उन्हें आसानी होगी।
प्रदेश में आईटीआई की तस्वीर
* 290 राजकीय आईटीआई संचालित
* 38 आईटीआई पीपीपी मॉडल पर
* 2,932 निजी आईटीआई
* 12 महिला आईटीआई
* 1.35 लाख से अधिक सीटें राजकीय
आईटीआई में
* 3.43 लाख से अधिक सीटें निजी आईटीआई
में
* 98 ट्रेड में प्रशिक्षण की सुविधा
* मेरठ में कुल 40 आईटीआई (6 राजकीय और 34 निजी)

No comments:
Post a Comment