Breaking

Your Ads Here

Saturday, July 4, 2026

जिलाधिकारी ने किया प्यारे लाल शर्मा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह द्वारा प्यारे लाल शर्मा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, फार्मेसी, किचन तथा दवा काउंटर का निरीक्षण करते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

जिलाधिकारी ने दवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की एक्सपायरी डेट कम से कम आगामी छह माह से अधिक की हो। उन्होने चिकित्सको को निर्देश दिये कि मरीजो को अनावश्यक रूप से बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। उन्होने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओ का ही उपयुक्त विकल्प (सब्स्टीटयूट) मरीजो को उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना तथा उनके तीमारदारों से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में बातचीत कर फीडबैक लिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान दवा स्टॉक रजिस्टर एवं किचन स्टॉक रजिस्टर का समुचित रखरखाव न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिला अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों की सुविधा एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here