Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 22, 2026

कांवड़ यात्रा को लेकर बिजली निगम अलर्ट, प्रबंध निदेशक ने ब्रजघाट-गढ़मुक्तेश्वर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नित्य संदेश ब्यूरो 
गढ़मुक्तेश्वर। पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता ने बुधवार को ब्रजघाट, गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण का उद्देश्य कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की गई तैयारियों का मूल्यांकन करना था। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने कांवड़ मार्ग पर विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता, उपकेंद्रों की कार्यप्रणाली, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, विद्युत लाइनों की सुरक्षा और संवेदनशील स्थलों पर किए गए सुरक्षा उपायों की गहन समीक्षा की। उन्होंने फील्ड में तैनात टीमों की तैयारियों का भी जायजा लिया।

रविश गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपकेंद्रों, फीडरों एवं विद्युत लाइनों की नियमित पेट्रोलिंग की जाए तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से गुजरते हैं, इसलिए जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त तकनीकी एवं मानव संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अस्थायी कनेक्शन प्राथमिकता पर जारी करने के निर्देश
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान लगने वाले शिविरों, सेवा केंद्रों और अन्य आवश्यक स्थलों पर अस्थायी विद्युत संयोजन प्राथमिकता के आधार पर जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होते ही टेम्परेरी कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बनाते हुए निर्गत किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आयोजन समितियों को समय पर सुविधा मिल सके। सभी अस्थायी संयोजन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही दिए जाएं और उनकी नियमित निगरानी की जाए।

24x7 सक्रिय रहेंगे नियंत्रण कक्ष
प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि प्रत्येक फील्ड टीम आवश्यक सुरक्षा उपकरणों एवं अनुरक्षण सामग्री के साथ पूरी तरह तैयार रहे। किसी भी तकनीकी खराबी या फॉल्ट की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर न्यूनतम समय में उसका निस्तारण किया जाए। सभी नियंत्रण कक्षों को 24x7 सक्रिय रखने और प्रत्येक शिकायत की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को पुलिस और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने, खुले जोड़ों, ढीले कंडक्टरों, झूलते तारों जैसे संभावित खतरों को तत्काल चिन्हित कर ठीक करने और बैकअप संसाधन, अनुरक्षण वाहन व आपातकालीन सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि निगम कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here