शाहिद खान
नित्य संदेश, मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए मेरठ पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस लाइन, मेरठ से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक विशेष बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस रैली में यूपी-112 की 8 नई हाई-स्पीड मोटरसाइकिलों सहित 50 से अधिक पुलिस मोटरसाइकिलों को शामिल किया गया। ये सभी टीमें कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष रूप से तैनात रहेंगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीमें कांवड़ मार्गों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमणशील रहेंगी। इसका मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना और किसी भी आपात स्थिति में क्विक रिस्पांस सुनिश्चित करना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात बाधित न हो और शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मेरठ पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
No comments:
Post a Comment