नित्य संदेश ब्यूरो
रामपुर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने आज विद्युत वितरण मंडल रामपुर में वाणिज्यिक एवं तकनीकी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, राजस्व वसूली, उपभोक्ता सेवाओं, विद्युत सुरक्षा तथा विभिन्न विकास कार्यों का गहन मूल्यांकन किया गया। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आपूर्ति बाधित होने पर शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष निर्देश -
आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत प्रबंध निदेशक ने संवेदनशील स्थलों और कांवड़ मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्युत पोलों, ट्रांसफार्मरों एवं वितरण प्रणाली को सुदृढ़ किया जाए, पोलों पर पीवीसी पाइप और प्रोटेक्शन शीट लगाई जाए, खुले ज्वाइंट और ढीले तारों को तत्काल ठीक किया जाए, सभी पोलों पर सुरक्षा हेतु चेतावनी संकेत और स्टीकर लगाए जाएं तथा ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि और तकनीकी सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण, शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण मीटर रीडिंग और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। इस बैठक में मुख्य अभियंता मुरादाबाद क्षेत्र शशांक कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता सतेन्द्र कुमार चौहान, अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार दूबे, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार शर्मा, अधिशासी अभियंता अनुराग सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment