रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। इंटर कॉलेज परीक्षितगढ़ में उत्तर प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री,शिक्षा मंत्री प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक स्व कैलाश प्रकाश की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों शिव प्रताप सिंह दुष्यन्त कुमार, सुभाष चंद व देवी शंकर त्रिपाठी ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला
अपने उद्बोधन में उपप्रधानाचार्य शिवप्रताप सिंह ने कहा कि कैलाश प्रकाश का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी, ईमानदारी और लोककल्याण के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके उच्च आदर्शों एवं नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। विद्यालय के शिक्षक दुष्यन्त कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कैलाश प्रकाश का व्यक्तित्व अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में परिश्रम, ईमानदारी और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। शिक्षक सुभाष चंद ने कहा कि कैलाश प्रकाश ने सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जनसेवा के उच्च मानदंड स्थापित किए। उनका जीवन प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है।
शिक्षक देवी शंकर त्रिपाठी ने कहा कि महान व्यक्तित्व कभी कालजयी हो जाते हैं। कैलाश प्रकाश के आदर्श, सिद्धांत और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके जीवन मूल्यों को अपनाकर एक आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने कैलाश प्रकाश के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित विद्यार्थियों ने राष्ट्रसेवा, अनुशासन, ईमानदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर अभ्यानंद सिंह, श्रीमती कविता, श्रीमती दीपा, जितेंद्र कुमार, अजय कुमार, कैलाश चंद, कुलदीप कुमार उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment