
वरिष्ठ लघुकथाकार श्री संतोष सुपेकर
नित्य संदेश, इंदौर। वर्ष 1983 से लघुकथा विधा के संवर्धन, विकास और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर सक्रिय साहित्यिक संस्था क्षितिज साहित्य संस्था, इंदौर ने स्वर्गीय सतीश राठी की स्मृति में वर्ष 2026 के लिए 'सतीश राठी स्मृति सम्मान' की घोषणा की है। यह सम्मान अदिति सिंह अमित सिंह भदौरिया के सहयोग से प्रदान किया जाएगा।
क्षितिज साहित्य संस्था, इंदौर के अध्यक्ष श्री नंदकिशोर बर्वे एवं सचिव श्री दीपक गिरकर ने विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि वर्ष 2026 में लघुकथा के वरिष्ठ वर्ग में उज्जैन के वरिष्ठ लघुकथाकार श्री सन्तोष सुपेकर तथा कनिष्ठ वर्ग में जयपुर की लघुकथाकार श्रीमती अनीता सैनी को 'सतीश राठी स्मृति सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा।
श्री सन्तोष सुपेकर को लघुकथा के क्षेत्र में उनके अनवरत सृजन, सुदीर्घ साहित्यिक सक्रियता तथा लघुकथा विधा में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है। उन्हें ₹11,000 की सम्मान राशि, शाल, श्रीफल एवं सम्मान-पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसी प्रकार श्रीमती अनीता सैनी को लघुकथा के क्षेत्र में उनके निरंतर सृजन तथा उल्लेखनीय साहित्यिक योगदान के लिए 'सतीश राठी स्मृति सम्मान' के कनिष्ठ वर्ग से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें ₹5,100 की सम्मान राशि, शाल, श्रीफल एवं सम्मान-पत्र प्रदान किया जाएगा।
![]() |
| वरिष्ठ लघुकथाकार श्रीमती अनिता सैनी |
दोनों सम्मानित लघुकथाकारों को क्षितिज साहित्य संस्था, इंदौर के वार्षिक आयोजन में 15 नवंबर 2026 को सम्मानित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय सतीश राठी लघुकथा के प्रति आजीवन समर्पित रहे। उन्होंने न केवल स्वयं लघुकथा का सृजन किया, बल्कि इस विधा के विकास, विस्तार और नए रचनाकारों को प्रोत्साहित करने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी स्मृति में प्रारंभ किया गया यह सम्मान लघुकथा के क्षेत्र में निरंतर और उल्लेखनीय सृजन करने वाले रचनाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। ये दोनों सम्मान प्रतिवर्ष प्रदान किए जाएंगे।
नंदकिशोर बर्वे
अध्यक्ष
क्षितिज साहित्य संस्था, इंदौर

No comments:
Post a Comment