नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में चल रहे बूथ अध्यक्ष मिलन कार्यक्रम के तहत आज मेरठ कैंट विधानसभा में भव्य बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। छावनी मंडल स्थित अतिथि बैंक्वेट हॉल में मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में विधानसभा के विभिन्न बूथों से बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ दिखाई दिया।
मुख्य अतिथि हरिश ठाकुर ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। बूथ अध्यक्ष केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि संगठन का आधार स्तंभ है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ता जितना सक्रिय रहेगा, संगठन उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने, नए मतदाताओं से संपर्क करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनोज सिवाच ने की। उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती ही भाजपा की जीत का मूल आधार है। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपने बूथ पर संगठन के विस्तार और समाज के हर वर्ग से संवाद का कार्य निष्ठा के साथ करना चाहिए।
कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने सभी बूथ अध्यक्षों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा आज जिस मुकाम पर है, उसके पीछे बूथ स्तर पर दिन-रात काम करने वाले कार्यकर्ताओं का परिश्रम और समर्पण है। बूथ अध्यक्ष केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे साल जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने और संगठन व सरकार के बीच सेतु का काम करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली अन्य दलों से अलग है, यहाँ बूथ से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक सभी का योगदान महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जनकल्याण, सुशासन, विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाने की जिम्मेदारी बूथ अध्यक्षों की है।
अमित अग्रवाल ने आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने बूथ को सबसे मजबूत इकाई बनाने, हर परिवार से संपर्क बनाए रखने और नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का संकल्प ले।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष विवेक रघुवंशी, विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र भारद्वाज, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष बिजेंद्र अग्रवाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, महेश सिंगल, मुकेश सिंगल, महानगर उपाध्यक्ष विशाल कनौजिया, महानगर मंत्री डॉली गुप्ता, पूर्व महानगर उपाध्यक्ष पवन मित्तल, कार्यक्रम संयोजक अंकित सिंघल और सह-संयोजक आलोक रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में सभी बूथ अध्यक्षों ने संगठन को और मजबूत बनाने और प्रत्येक बूथ को आदर्श बूथ बनाने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment