नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। नगर निगम मेरठ में समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद दल नेता एवं महानगर समाजवादी पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष अफजाल सैफी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अफजाल सैफी ने कहा कि यह छात्र-युवा शक्ति और INDIA गठबंधन व समाजवादी पार्टी की शक्ति के आगे केंद्र सरकार को झुकना पड़ा है। इससे भारतीय संविधान और कानून की रक्षा हुई है। कानून से ऊपर कोई नहीं है और देश आस्था से नहीं, संविधान से चलेगा, इसका एहसास युवा शक्ति ने करा दिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए तमाम युवा शक्ति बधाई की पात्र है, जिन्होंने अपनी ताकत का एहसास कराया। NEET पेपर लीक होना केंद्र सरकार की विफलता है और छात्रों के जीवन से खिलवाड़ है। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने से लाखों छात्रों का भविष्य सुधरेगा और शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन होगा।
सैफी ने कहा कि इसके लिए केवल शिक्षा मंत्री ही नहीं, बल्कि संपूर्ण केंद्र सरकार जिम्मेदार है। माननीय प्रधानमंत्री जी को भी नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र देना चाहिए, क्योंकि उन्होंने भ्रष्ट मंत्री को अब तक बचाने का काम किया है। पेपर लीक होना पूरी व्यवस्था पर संदेह पैदा करता है। समाजवादी पार्टी की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान शहीद हुए छात्र-छात्राओं के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये की मुआवजा राशि दी जाए और मृतक के परिवार से एक आश्रित को सरकारी सेवा में लिया जाए, तथा पेपर लीक होने की घटना की बारीकी से जांच कराई जाए।

No comments:
Post a Comment