Breaking

Your Ads Here

Saturday, July 25, 2026

एनसीआरटीसी ने कारगिल विजय दिवस पर वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि


नित्य संदेश ब्यूरो 
गाजियाबाद। 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एनसीआरटीसी ने भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आज शनिवार को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल राजेश त्यागी (रि.)उपस्थित रहे जो कारगिल युद्ध में 4 जाट रेजिमेंट का हिस्सा थे। उनके उत्कृष्ट सैन्य योगदान और अद्वितीय सेवाओं के लिए उन्हें सेना मेडल सहित कई सम्मानों से नवाज़ा गया है। वर्तमान में कर्नल त्यागी सुभारती डिफेंस अकादमी के डायरेक्टर हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ युद्ध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और भारतीय जवानों की शौर्य गाथाएँ सुनाईं। उन्होंने बच्चों को राष्ट्रप्रेम की भावना सुदृढ़ करने के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनकर आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

युवाओं को कारगिल विजय दिवस के महत्व से अवगत कराने के लिए छात्रों के बीच "गार्डिंग द बॉर्डर्स" (देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात सैनिक) विषय पर एक चित्रकला कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। स्कूली छात्रों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से देश के उन वीर सपूतों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की, जो अपनी जान की परवाह किए बिना दुर्गम स्थानों और विषम परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए डटे रहते हैं। बच्चों द्वारा बनाई गई कुछ चित्रकलाओं को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों और आमजन के लिए प्रदर्शित भी किया जाएगा।
इसके साथ ही युवा बैंड 'अभिगर्व' ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति दी और इस कार्यक्रम को और यादगार बना दिया। उन्होंने देशभक्ति के गीतों के माध्यम से सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और वीरता को सम्मान दिया तथा अपनी प्रस्तुति से पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

वर्ष 1999 में हुए कारगिल युद्ध में भारत की जीत के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। ऑपरेशन विजय के नाम से प्रसिद्ध इस सैन्य अभियान के दौरान भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों द्वारा कारगिल क्षेत्र की जिन रणनीतिक चौकियों पर कब्ज़ा कर लिया गया था, उन पर पुनः नियंत्रण स्थापित किया। मई से जुलाई 1999 तक चला यह संघर्ष टाइगर हिल सहित कई महत्वपूर्ण पर्वत चोटियों पर भारतीय सेना के पुनः नियंत्रण के साथ समाप्त हुआ। वर्ष 2026 इस ऐतिहासिक विजय का 27वाँ वर्ष है और यह उन भारतीय सैनिकों की बहादुरी और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया और अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
एनसीआरटीसी का निरंतर प्रयास है कि नमो भारत स्टेशनों को केवल यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि एक जीवंत सामाजिक केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाए, जहाँ यात्रियों के दैनिक जीवन से जुड़े राष्ट्रीय, सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को भी स्थान मिले। कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक और सार्थक पहल है, जिसका उद्देश्य कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों के पराक्रम और बलिदान के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय गौरव और सामूहिक स्मृति को और सशक्त बनाना है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here