Breaking

Your Ads Here

Tuesday, July 7, 2026

प्रदेश के साढे़ तीन लाख युवाओं को नौकरी देगी योगी सरकार

 


-वर्तमान वित्त वर्ष में 3291 रोजगार मेले और कैंपस प्लेसमेंट का होगा आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भरसक प्रयास कर रही है। वित्त वर्ष 2026-27 में प्रदेश सरकार ने सूबे के तीन लाख 49 हजार 900 युवाओं को रोजगार मेलों के माध्यम से नौकरियां प्रदान करने का लक्ष्य रखा है। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सभी सेवायोजन कार्यालयों को हर महीने जिला स्तर पर रोजगार मेलों तथा विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में कैपस प्लेसमेंट का आयोजन करने के निर्देश पदान किए गए हैं।


प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं में कौशल निर्माण करने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर आईटीआई और माध्यमिक स्कूलों के माध्यम से कौशल विकास के विभिन्न कोर्सों का संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ की मंशा है कि कम उम्र में ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए। इसके लिए जहां युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, वहीं विभिन्न नौकरियां भी प्रदान की जा रही हैं। इसी कड़ी में वर्तमान वित्त वर्ष में प्रदेश सरकार की ओर से सेवायोजन विभाग के माध्यम से 3291 रोजगार मेले और कैंपस प्लेसमेंट आयोजित करके तीन लाख 49 हजार 900 युवाओं को नौकरियां प्रदान की जाएंगी। मेरठ जनपद में 7350 युवाओं को नौकरियां देने के लिए 38 रोजगार मेले और 10 कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किए जाएंगे। 


कॉलेज और विश्वविद्यालयों में कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन अगस्त माह से शुरू होकर जनवरी 2027 तक किया जाएगा। जहां साक्षात्कार के माध्यम से 1350 युवाओं का चयन करने का न्यूनतम लक्ष्य रखा गया है। जिले में फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में सर्वाधिक एक हजार युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी। प्रदेश स्तर पर सर्वाधिक 420 रोजगार मेले और कैंपस प्लेसमेंट सितंबर 2026 में आयोजित करके लगभग 50 हजार युवाओं को नौकरियां देने का लक्ष्य रखा गया है। इस जुलाई माह में प्रदेश भर 49 हजार 500 युवाओं को नौकरियां प्रदान करने के लिए 183 कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

 

बीते वर्ष जिले के 8327 युवाओं को मिली नौकरी

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में प्रदेश सरकार की ओर से 46 रोजगार मेलों का आयोजन करके 7150 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य मिला था, लेकिन इसके सापेक्ष 57 कार्यक्रमों में साक्षात्कार के माध्यम से 8327 युवाओं को नौकरियां दी गईं थीं। महिलाओं को आत्मनिर्भरता प्रदान करने के लिए विशेष रूप से पिंक रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इस बार भी अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here