नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ के 24वें दीक्षांत समारोह में मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के विद्यार्थियों ने स्टार्टअप नवाचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की। समारोह में उत्तर प्रदेश के पांच उत्कृष्ट स्टार्टअप्स को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें वीमेन-लेड स्टार्टअप श्रेणी में एमआईईटी की बीटेक छात्रा इर्तिका रहमान अंसारी एवं यश तोमर के स्टार्टअपवेक्सर इमर्सिव प्रा. लि. को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
राजधानी लखनऊ में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्य अतिथि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के चेयरमैन अरविंद सिंह साहनी, प्राविधिक शिक्षा मंत्री ई. आशीष पटेल, प्रमुख सचिव डॉ. एम.के. शनमुगा सुंदरम तथा एकेटीयू के कुलपति डॉ. जे.पी. पांडेय की उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया। वेक्सर इमर्सिव प्रा. लि. के संस्थापक यश तोमर एवं सह-संस्थापक इर्तिका रहमान अंसारी द्वारा स्थापित यह एक्सआर (वर्चुअल रियलिटी, ऑगमेंटेड रियलिटी और मिक्स्ड रियलिटी) तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एडटेक स्टार्टअप पारंपरिक शिक्षा को इमर्सिव एवं प्रायोगिक अनुभव में बदलने की दिशा में कार्य कर रहा है। पिछले दो वर्षों से विकसित किए जा रहे इस स्टार्टअप का पंजीकरण अगस्त 2025 में हुआ था। स्टार्टअप का प्रमुख समाधान वेक्सर नेक्सा वर्चुअल लैब्स विद्यार्थियों को एआई आधारित वर्चुअल लैब में प्रयोग करने की सुविधा प्रदान करता है, जिससे सीमित संसाधनों वाले स्कूलों और कॉलेजों के छात्र भी 'लर्निंग बाय डूइंग' के माध्यम से व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
कंपनी ने गाजियाबाद जल निगम के लिए जल संरक्षण जागरूकता पर वर्चुअल रियलिटी सिमुलेशन तथा फायर सेफ्टी एवं इमरजेंसी इवैक्यूएशन ड्रिल के लिए प्रशिक्षण आधारित इमर्सिव समाधान भी विकसित किए हैं। संस्थापकों का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा और कौशल विकास को अधिक सुलभ, प्रभावी और किफायती बनाना है। इस उपलब्धि पर एमआईईटी के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह तथा एसीआईसी एमआईईटी फाउंडेशन के सीईओ रेहान अहमद ने विद्यार्थियों को बधाई दी।


No comments:
Post a Comment