यूपीएससी में हासिल की 117वीं रैंक, अब मुजफ्फरनगर के नए एसएसपी होंगे
नित्य संदेश ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। पिता की हत्या के बाद न्याय के लिए थाने और अदालतों के चक्कर काटते हुए पुलिस व्यवस्था की हकीकत को करीब से देखने वाले आईपीएस अधिकारी सूरज कुमार राय अब मुजफ्फरनगर के नए एसएसपी होंगे।
वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी सूरज कुमार राय वर्तमान में बागपत के एसपी के पद पर तैनात हैं। करीब डेढ़ साल से बागपत की कमान संभाल रहे सूरज ने बताया कि वह एक-दो दिन में मुजफ्फरनगर पहुंचकर चार्ज संभाल लेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था का पालन कराना, अपराधों पर अंकुश लगाना और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
पिता की हत्या के बाद बदली सोच
जौनपुर निवासी सूरज कुमार राय बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थे। उनका सपना इंजीनियर बनने का था। इसी उद्देश्य से उन्होंने इलाहाबाद के मोतीलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लिया था। लेकिन कॉलेज में प्रवेश लिए अभी एक माह ही हुआ था कि उनके पिता की हत्या कर दी गई। परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी। पिता की हत्या के बाद न्याय की उम्मीद में सूरज को थाने से लेकर अदालत तक के चक्कर लगाने पड़े।
सूरज के मुताबिक, पुलिस की जांच में उन्हें कई स्तर पर लापरवाही नजर आई। पिता की हत्या के मामले में पुलिस की ओर से कोर्ट में पेश किए गए साक्ष्य भी पर्याप्त नहीं थे। थाने जाने पर घंटों इंतजार करना पड़ता था। इस पूरे अनुभव ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। उन्होंने महसूस किया कि जिस तरह उनका परिवार न्याय के लिए भटक रहा है, उसी तरह बड़ी संख्या में आम लोग भी व्यवस्था के सामने अपनी फरियाद लेकर परेशान होते होंगे।
इंजीनियरिंग छोड़ी, आईपीएस बनने की ठानी
पुलिस और न्याय व्यवस्था के इस अनुभव ने सूरज कुमार राय की जिंदगी की दिशा ही बदल दी। उन्होंने इंजीनियर बनने का सपना छोड़कर ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने का फैसला किया। इसके बाद यूपीएससी की तैयारी में जुट गए। उनका मकसद सिर्फ सिविल सेवा में जाना नहीं था, बल्कि पुलिस अधिकारी बनकर उन लोगों की मदद करना था, जिन्हें न्याय पाने के लिए थानों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
सूरज कुमार राय ने वर्ष 2018 में यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 117वीं रैंक हासिल की। इसके साथ ही उनका आईपीएस बनने का सपना पूरा हुआ। सिविल सेवा में आने के पीछे उनका उद्देश्य व्यवस्था का हिस्सा बनकर उसे बेहतर तरीके से काम करने के लिए प्रेरित करना रहा।
अब मुजफ्फरनगर में संभालेंगे कमान
आईपीएस सूरज कुमार राय की नई तैनाती मुजफ्फरनगर के एसएसपी के रूप में हुई है। बागपत में करीब डेढ़ वर्ष की तैनाती के बाद अब वह मुजफ्फरनगर की पुलिस व्यवस्था की कमान संभालेंगे। हिन्दुस्तान संवाददाता से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह एक-दो दिन में जिले में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत रखना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना उनकी प्राथमिकता होगी। उनके सामने मुजफ्फरनगर जैसे संवेदनशील जिले में अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करने की भी चुनौती रहेगी।
लेख: दिवाकर झा
No comments:
Post a Comment