Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 22, 2026

ललिता गौतम हत्याकांड: मेरठ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान जेल गए सपा नेता हिमांशु सिद्धार्थ को मिली बेल, बागपत जेल से रिहा


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ/बागपत: मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर कलेक्ट्रेट पर हुए उग्र प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजे गए समाजवादी पार्टी के नेता हिमांशु सिद्धार्थ को जमानत मिल गई है। बागपत जिला कारागार से रिहा होने के बाद समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

बता दें कि ललिता गौतम हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर दलित संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई थी, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। पुलिस ने इस मामले में बवाल का मुख्य सूत्रधार अमरोहा के दिग्विजय सिंह भाटी सहित कई लोगों के खिलाफ थाना सिविल लाइन पर मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें रवि गौतम, सुशील गौतम और हिमांशु सिद्धार्थ का भी नाम शामिल था। पुलिस ने मौके से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था। इसी क्रम में सपा नेता हिमांशु सिद्धार्थ को भी गिरफ्तार कर बागपत जेल में निरुद्ध किया गया था।

हिमांशु सिद्धार्थ के अधिवक्ता ने कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी, जिस पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली। जमानत आदेश बागपत जेल पहुंचने के बाद बुधवार देर शाम उन्हें रिहा कर दिया गया।

रिहाई के बाद हिमांशु सिद्धार्थ ने कहा कि वह ललिता गौतम को न्याय दिलाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाया गया था, लेकिन न्यायालय पर उन्हें पूरा भरोसा था।

गौरतलब है कि टीपी नगर क्षेत्र की बीए छात्रा ललिता गौतम की हत्या के बाद से मेरठ में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। यह मामला अब पूरी तरह सियासी रंग ले चुका है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here