नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेरठ-मवाना रोड स्थित जीके फार्म हाउस में सुरेश गुप्ता ‘देवप्रिया’ के आतिथ्य में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की भव्य आम सभा, स्नेह मिलन एवं मैंगो पार्टी अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ट्रस्टियों, अग्रवाल समाज के गणमान्य नागरिकों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैश्य समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी माँ महालक्ष्मी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के महामंत्री गिरीश कुमार बंसल ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज सेवा, संस्कार, संगठन और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक सशक्त अभियान है तथा सताब्दी नगर, मेरठ में निर्माणाधीन अग्रोधाम आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि अग्रोधाम में चल रहे सभी निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं तथा अगस्त माह के अंत तक प्रथम लैंटर पड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और समाज के सहयोग से यह सपना शीघ्र ही साकार होगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और उनके द्वारा स्थापित सहयोग एवं समरसता के सिद्धांतों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है तथा अग्रोधाम समाज की एकता और संगठन का प्रतीक बनेगा।
श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं ट्रस्ट की राष्ट्रीय मुख्य इकाई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समता, सहयोग, सेवा और समृद्धि पर आधारित शासन व्यवस्था स्थापित कर समाज को “एक ईंट, एक रुपया” का अमर संदेश दिया, जो सामाजिक समरसता, स्वावलंबन और अंतिम व्यक्ति के उत्थान का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमारी कुलदेवी माँ महालक्ष्मी का आशीर्वाद ही समाज को सेवा, दान, परोपकार और लोककल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करता है तथा उसी प्रेरणा से श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट सनातन संस्कृति, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि सताब्दी नगर, मेरठ में निर्माणाधीन अग्रोधाम में महाराजा अग्रसेन का भव्य मंदिर, माँ महालक्ष्मी जी का दिव्य मंदिर, शिव-पार्वती परिवार मंदिर, 51 फीट ऊँची भगवान हनुमान जी की विशाल प्रतिमा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए 72 स्टूडियो अपार्टमेंट्स, 50 बेड का आधुनिक अस्पताल, 60×120 के दो विशाल सभागार तथा अनेक सामाजिक, धार्मिक और जनसेवा से जुड़े प्रकल्प विकसित किए जा रहे हैं और यह केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, संस्कार और समाज उत्थान का एक विराट अभियान है, जिसमें प्रत्येक अग्रबंधु को तन, मन और धन से सहभागी बनना चाहिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिसार के पश्चात मेरठ का अग्रोधाम विश्व का दूसरा भव्य अग्रोधाम बनेगा और समाज सेवा तथा सांस्कृतिक चेतना का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा। सभा में आगामी महाराजा अग्रसेन जयंती को अभूतपूर्व भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया तथा विनीत अग्रवाल शारदा को उसका मुख्य संयोजक बनाए जाने की घोषणा की गई। साथ ही अगस्त माह में तीज उत्सव के आयोजन, मातृशक्ति को 500 साड़ियों के वितरण तथा युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की गई। इस अवसर पर ट्रस्ट के संरक्षक महेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल, महामंत्री गिरीश कुमार बंसल, उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता ‘देवप्रिया’ मंत्री अश्विनी गुप्ता, ऋषि अग्रवाल सहित अनेक ट्रस्टियों ने सहभागिता की।
सुरेश गुप्ता ‘देवप्रिया’ ने समाज की एकता और संगठन को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी से अग्रोधाम निर्माण में सहयोग का आह्वान किया, जबकि मंत्री अश्विनी गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि युवा शक्ति और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी से समाज और अधिक सशक्त होगा तथा आने वाले समय में अग्रोधाम समाज सेवा और सांस्कृतिक जागरण का एक बड़ा केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति एवं समाजजनों ने अग्रोधाम निर्माण एवं समाजहित के कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment