नित्य संदेश ब्यूरो
शामली/बागपत: स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश ने बागपत पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में सुशील मूछ गैंग के सक्रिय सदस्य और 50 हजार रुपये के इनामी शार्प शूटर विपुल उर्फ खूनी को मुठभेड़ में मार गिराया।
एसटीएफ द्वारा जारी प्रेस नोट संख्या 226 के अनुसार, शनिवार शाम लगभग 5:50 से 6:00 बजे के बीच थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र के सिंचाई विभाग के डाक बंगले के पास यह मुठभेड़ हुई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना कांधला पर दर्ज मु0अ0सं0 126/2026 धारा 308(5) बीएनएस में फरार 50 हजार का इनामी विपुल उर्फ खूनी अपने साथी के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में डाक बंगले के पीछे अपाचे मोटरसाइकिल पर मौजूद है।
सूचना पर एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख दोनों बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एसटीएफ ने आत्मरक्षार्थ सूक्ष्म व नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और दूसरा भागने में सफल रहा। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विपुल उर्फ खूनी पुत्र नेत्रपाल सिंह निवासी ग्राम भभीसा, थाना कांधला, जनपद शामली के रूप में हुई।
बरामदगी-
मौके से 2 अदद पिस्टल 32 बोर, भारी मात्रा में खोखा कारतूस और 1 अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
38 मुकदमों का था इतिहास -
एसटीएफ के अनुसार मारा गया बदमाश शातिर किस्म का अपराधी था। उसके खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी जैसे 38 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह वर्ष 2005 में पहली बार जेल गया था और जेल में ही सुशील मूछ गैंग के संपर्क में आया था।
उसने वर्ष 2014 में ग्राम एलम में भीम भभीसा की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, वर्ष 2017 में मानपुर, गंगोह में गाड़ी लूट के बाद महिला ग्राम प्रधान की हत्या सहित कई सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया था।
इस संबंध में थाना सिंघावली अहीर पर मु0अ0सं0 248/2026 धारा 109(1)/352 बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फरार दूसरे बदमाश की तलाश जारी है।

No comments:
Post a Comment