-सांसद अरुण गोविल बोले— प्रतिभा, संस्कार और अनुशासन ही उज्ज्वल भविष्य की पहचान
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से छात्रवृत्ति वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेरठ-हापुड़ लोकसभा सांसद अरुण गोविल, स्कूल चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, स्कूल मैनेजर बरखा अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या रूपाली सहगल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में सांसद अरुण गोविल ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी आवश्यक है। उन्होंने ‘रामायण’ पढ़ने और जीवन में उच्च मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा भी दी। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के चेक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 23 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के रूप में 11वीं एवं 12वीं की फीस में विशेष छूट प्रदान की गई। विद्यालय की ओर से इस वर्ष कुल 13 लाख 34 हजार रुपये की छात्रवृत्ति वितरित कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान कक्षा 10वीं में विभिन्न विषयों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 10 विद्यार्थियों तथा कक्षा 12वीं के 6 विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 10वीं के प्रथम स्थान पर स्वर्थ सत्संगी, द्वितीय स्थान पर ईशान कुमार दक्ष तथा तृतीय स्थान पर आदित्य देव को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में साइंस संकाय के टॉपर यथार्थ सिंह, ह्यूमैनिटीज की टॉपर दिव्यांशी खरी तथा कॉमर्स के टॉपर कुशाग गोयल को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
विद्यालय ने केवल बोर्ड परीक्षाओं के मेधावियों ही नहीं, बल्कि कक्षा 1 से 9 तक प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। साथ ही एमआईईटी ओलंपियाड के आठ विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ओलंपियाड के प्रश्नपत्र आईआईटी के विशेषज्ञ फैकल्टी द्वारा तैयार किए गए थे, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त हुआ।
अनुशासन एवं नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करते हुए 100 प्रतिशत उपस्थिति पुरस्कार कक्षा 5 के छात्र दिव्य चौधरी एवं कक्षा 7 के छात्र अथर्व त्यागी को प्रदान किया गया। वहीं 100 प्रतिशत टीचर अटेंडेंस अवार्ड प्रीति कथूरिया को दिया गया।
समारोह के दौरान शिक्षकों के योगदान को भी विशेष सम्मान दिया गया। टीचर्स एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड से छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में विभिन्न विषयों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर डॉ हिमांशु शर्मा, श्रींजॉय बनर्जी,अजय चौधरी,एकता सक्सेना, सोनिका, विवेक, परिधि, सोनिया और नितिन भटनागर,अनुज,बिट्टू का विशेष सहयोग रहा।
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment