नित्य संदेश ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित होटल रेडियन इन में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित अग्रवाल समाज की विराट सभा में भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि विकसित भारत का स्वर्णिम भविष्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों, भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग, महाराजा अग्रसेन के समाजवाद तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन के चार सुदृढ़ स्तंभों पर खड़ा है।
उन्होंने कहा कि मेरठ में निर्माणाधीन अग्रोधाम, हिसार के अग्रोधाम के बाद देश का दूसरा सबसे भव्य अग्रोधाम होगा, जहाँ महाराजा अग्रसेन जी का भव्य मंदिर, कुलदेवी महालक्ष्मी मंदिर, 51 फुट ऊँची भगवान हनुमान जी की प्रतिमा, 50 बेड का आधुनिक निःशुल्क अस्पताल, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट युक्त वृद्धाश्रम, विशाल यज्ञशाला एवं अनेक सेवा प्रकल्प स्थापित किए जा रहे हैं, जो सनातन संस्कृति, सेवा, संगठन और राष्ट्र चेतना का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने सत्य, मर्यादा, त्याग और राष्ट्रधर्म का संदेश दिया, भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म की स्थापना और कर्मयोग का मार्ग दिखाया तथा महाराजा अग्रसेन ने “एक ईंट–एक रुपया” के सिद्धांत के माध्यम से ऐसा समाज खड़ा किया जहाँ किसी के साथ भेदभाव नहीं था।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट शीघ्र ही एक स्थायी सहयोग योजना प्रारंभ करेगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक गाँव, तहसील और जिले में जरूरतमंद अग्रवाल परिवारों को सम्मानपूर्वक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि महाराजा अग्रसेन का समानता और सामाजिक सहयोग का आदर्श पुनः स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता बिखरे हुए अग्रवाल समाज रूपी मोतियों को एक माला में पिरोकर महाराजा अग्रसेन जी के चरणों में समर्पित करने की है। उन्होंने समाज के संगठन, संस्कार, परिवार व्यवस्था तथा युवाओं को राजनीति, प्रशासन, व्यापार, विज्ञान, तकनीक, समाजसेवा और सेना में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सावन और कांवड़ यात्रा के पावन माह में मांस एवं मदिरा की दुकानें बंद रखी जानी चाहिए तथा सनातन आस्था और धार्मिक भावनाओं का पूर्ण सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एम्स, हवाई अड्डों, गरीब कल्याण योजनाओं, व्यापारी सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सुशासन के नए युग में प्रवेश कर चुका है तथा 2017 से पहले का भय, दंगा और अपराध का वातावरण अब विकास और विश्वास में बदल चुका है।
उन्होंने कहा, “राष्ट्र मेरा धर्म है, भारतीय जनता पार्टी मेरी माँ है तथा अग्रवाल समाज और व्यापारी मेरी आत्मा हैं। मेरे शरीर का एक-एक पसीना और मेरे रक्त की एक-एक बूंद समाज, व्यापारियों और राष्ट्रहित के लिए समर्पित है।” कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक श्री अशोक कंसल ने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता, संस्कार और सेवा में निहित है तथा मेरठ का अग्रोधाम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री मोहन तायल ने कहा कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट पूरे प्रदेश में समाज को संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य कर रहा है और प्रत्येक अग्रवाल परिवार का इस अभियान से जुड़ना समय की आवश्यकता है। मुजफ्फरनगर नगर पालिका चेयरपर्सन श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि सेवा, संगठन और संस्कार ही समाज की वास्तविक पूंजी हैं तथा अग्रोधाम सामाजिक समरसता का प्रतीक बनेगा।
वैश्य समाज के अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा कि विनीत अग्रवाल शारदा के नेतृत्व में अग्रवाल समाज नई ऊर्जा, नए आत्मविश्वास और नई दिशा के साथ आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर सर्वसम्मति से मोहन तायल को श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष, मनीष गर्ग को मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष तथा हरीश गुप्ता को जिला महामंत्री नियुक्त किए जाने की घोषणा विनीत अग्रवाल शारदा ने की, जिसका उपस्थित समाजजनों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। ट्रस्ट के ट्रस्टी राजीव मित्तल कार्यक्रम का संचालन दिनेश बंसल ने किया तथा मीनाक्षी स्वरूप, गौरव स्वरूप, संजय मित्तल, श्यामलाल, प्रमोद मित्तल, मनीष गर्ग, हरीश गुप्ता, मुकेश कंसल, मयंक बंसल सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment