Breaking

Your Ads Here

Thursday, July 2, 2026

मिशन सेफ फ्यूचर के तहत मवाना तहसील में स्कूल वाहनों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान, 10 स्कूल बसों का चालान एवं 3 बसें सीज




नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 01 जुलाई से 15 जुलाई, 2026 तक "मिशन सेफ फ्यूचर" विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्कूल वाहनों का सुरक्षित, मानक अनुरूप एवं विधिसम्मत संचालन सुनिश्चित करते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करना है।


इसी क्रम में आज सुधांशु रंजन, एआरटीओ (प्रवर्तन), मेरठ के नेतृत्व में तहसील मवाना क्षेत्र में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों की लगभग 40 स्कूल बसों का आकस्मिक एवं रैंडम निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ-साथ स्कूल वाहनों के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण में विभिन्न अनियमितताएँ पाए जाने पर 10 स्कूल बसों का चालान किया गया, जबकि गंभीर कमियाँ पाए जाने पर 3 स्कूल बसों को सीज कर दिया गया। संबंधित विद्यालय प्रबंधन को सभी कमियों का तत्काल निराकरण कर वाहनों का संचालन केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।


मिशन सेफ फ्यूचर के अंतर्गत सभी विद्यालय प्रबंधन से अपेक्षा की गई है कि वे अपने स्कूल वाहनों के समस्त अभिलेख, विशेष रूप से फिटनेस प्रमाणपत्र एवं परमिट, समय से पूर्ण एवं वैध रखें। साथ ही प्रत्येक स्कूल वाहन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। इनमें आपातकालीन निकास द्वार (Emergency Exit), विद्यालय का नाम एवं संपर्क विवरण, चालक का नाम एवं मोबाइल नंबर, परिचालक (अटेंडेंट) की उपलब्धता, प्राथमिक उपचार किट (First Aid Kit), अग्निशामक यंत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरा तथा अन्य निर्धारित सुरक्षा उपकरणों एवं सूचनाओं का उपलब्ध एवं कार्यशील होना अनिवार्य है।



सुधांशु रंजन, एआरटीओ (प्रवर्तन), मेरठ ने बताया कि जिन विद्यालयों अथवा शिक्षण संस्थानों द्वारा बार-बार निर्देश एवं सूचना दिए जाने के बावजूद अपने स्कूल वाहनों के फिटनेस, परमिट एवं अन्य अनिवार्य अभिलेख पूर्ण नहीं कराए जाएंगे अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित स्कूल वाहनों का चालान एवं सीजर किया जाएगा। साथ ही आवश्यकतानुसार संबंधित विद्यालय के विरुद्ध उचित कार्रवाई हेतु शिक्षा विभाग को विद्यालय की मान्यता समाप्त करने/अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पर विचारार्थ पत्र भी प्रेषित किया जाएगा।


उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधनों से अपील की कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने सभी स्कूल वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करें तथा सभी आवश्यक अभिलेख तत्काल पूर्ण करा लें। मिशन सेफ फ्यूचर के दौरान जनपद मेरठ में स्कूल वाहनों की नियमित एवं सघन जांच जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों एवं वाहनों के विरुद्ध बिना किसी शिथिलता के कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here