Breaking

Your Ads Here

Saturday, June 20, 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सुभारती विश्वविद्यालय में अंतर महाविद्यालय योग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया योग कौशल

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ की छात्र परिषद द्वारा महर्षि अरविंदो सुभारती कॉलेज ऑफ नेचुरोपैथी एवं योगिक साइंसेज़ के सहयोग से अंतर महाविद्यालय योग प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। 


कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग की विभिन्न विधाओं और आसनों का शानदार प्रदर्शन किया।  प्रतियोगिता में सुभारती विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों से छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से योग के प्रति अपनी निष्ठा, एकाग्रता, शारीरिक क्षमता और मानसिक संतुलन का परिचय दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामुदायिक चिकित्सा विभाग, सुभारती मेडिकल कॉलेज, मेरठ के डॉ. राहुल बंसल रहे। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवन शैली में योग स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।


इस अवसर पर डॉ. नायर धीरेन अजित, कार्यवाहक प्राचार्य एवं अधिष्ठाता, महर्षि अरविंदो मेडिकल सुभारती कॉलेज ऑफ नेचुरोपैथी एवं योगिक साइंसेज़, प्रो. (डॉ.) सरताज अहमद, डीन छात्र परिषद, डॉ. सीमा कौशिक तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शैक्षणिक सदस्य उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य प्रो. (डॉ.) मंजू अधिकारी एवं डॉ. अभिजीत के.बी. द्वारा किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन, शारीरिक संतुलन, आसनों की शुद्धता और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया।



प्रतियोगिता में बीएनवाईएस की सोमाश्री दास ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। बीएनवाईएस की प्रतिभा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि सुभारती डेंटल कॉलेज के हर्ष दाऊजी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त सुभारती डेंटल कॉलेज के आदित्य और सोनी कुमार को उनके सराहनीय प्रदर्शन के लिए सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. राहुल बंसल को उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन, बहुमूल्य विचारों एवं गरिमामयी उपस्थिति के लिए "सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर" प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में छात्र परिषद के सदस्य डॉ. आस्था त्यागी, विपुल कुमार यादव, हरित कुमार एवं कशिश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का कुशल संचालन विपुल कुमार यादव द्वारा किया गया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।



अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने में सफल रही, बल्कि विश्वविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन, सकारात्मकता और भारतीय योग परंपरा के प्रति जागरूकता का संदेश भी प्रसारित करने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुई। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here