नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नियमित जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
योग सत्र का संचालन विश्वविद्यालय के महर्षि अरबिंदो सुभारती कॉलेज एंड हॉस्पिटल ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज की ट्यूटर डॉ. सोनिया द्वारा किया गया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है, जो व्यक्ति को तनाव, चिंता और अनेक बीमारियों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने डॉ. सोनिया के मार्गदर्शन और देखरेख में विभिन्न महत्वपूर्ण योग आसनों का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने पद्मासन, अनुवित्तासन, वज्रासन, सिद्धासन सहित अनेक लाभकारी आसनों का अभ्यास किया। साथ ही उन्हें इन आसनों के स्वास्थ्य संबंधी लाभों और उनके नियमित अभ्यास की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
योग अभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ सहभागिता की। विभिन्न आसनों के अभ्यास के उपरांत कर्मचारियों ने शरीर की जकड़न, थकान एवं दर्द में राहत महसूस की तथा स्वयं को अधिक ऊर्जावान और तनाव मुक्त अनुभव किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया और कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी अत्यंत सहायक सिद्ध होता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह योग सत्र स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देने में सफल रहा।

No comments:
Post a Comment