Breaking

Your Ads Here

Tuesday, June 30, 2026

जानेमाने फ़िल्म निर्माता-निर्देशक इम्तियाज़ अली डेली काॅलेज में

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर अपनी विशिष्ट फ़िल्मों के लिए देश में चर्चित फ़िल्म निर्माता-निर्देशक इम्तियाज़ अली आज डेली काॅलेज में पधारे। आपके साथ फ़िल्म प्रोड्यूसर मोहित चैधरी जी भी आए थे। दोनों ने ही डेली काॅलेज के विद्यार्थियों के साथ बातचीत की। बातचीत से पहले दोनों विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया।


विद्यार्थियों ने मंगलगान प्रस्तुत किया। संजोली कृष्णा ने चर्चित फ़िल्म ‘मैं वापस आऊँगा’ का एक गीत प्रस्तुत किया और सहज अग्रवाल द्वारा इम्तियाज़ अली पर बनाई गई शाॅर्ट फ़िल्म का प्रदर्शन किया गया। डेली काॅलेज की प्राचार्या डाॅ. गुनमीत बिंद्रा ने इम्तियाज़ अली जी की रचनात्मकता और उनके विशिष्ट कार्यों पर प्रकाश डाला और मोहित जी का भी स्वागत किया। इस अवसर पर डेली काॅलेज बोर्ड के अध्यक्ष महाराज विक्रम सिंह पुआर सहित बोर्ड के सम्माननीय सदस्य, डेली काॅलेज के वरिष्ठ अधिकारीगण, ओल्ड डेलियन तथा कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे। 


विद्यार्थियों ने इम्तियाज़  की तमाम फ़िल्मों को लेकर अपनी जिज्ञासाएँ रखीं और कई सवाल किए। हाल ही में आई उनकी अत्यंत लोकप्रिय फ़िल्म ‘मैं वापस आऊँगा’ के निर्माण को लेकर पूछे गए प्रश्नों के जवाब में इम्तियाज़ अली ने अपनी रचना-प्रक्रिया के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि पंजाब में जब वे किसी और फ़िल्म की शूटिंग कर रहे थे, तभी उन्हें ‘मैं वापस आऊँगा’ फ़िल्म के निर्माण की बात सूझी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि इस फ़िल्म में आज़ादी के बाद के विस्थापन को पूरी मार्मिकता के साथ अभिव्यक्ति दी गई है। इसके समानांतर एक प्रेम-कथा भी है, जो प्रेम की गहराई, समर्पण और उसकी पवित्रता के आख्यान को रेखांकित करती है। फ़िल्म के संगीत को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से प्रीतम और ए. आर. रहमान ने उनकी फ़िल्मों में संगीत दिया है और उनका संगीत का मेयार क्या है, यह फ़िल्म के गीतों और आॅर्केस्ट्रा को सुनकर अंदाज़ लगाया जा सकता है। प्रश्नों की स्तरीयता की प्रशंसा करते हुए इम्तियाज़ अली ने विद्यार्थियों से कहा कि आपने मुझसे एक भी सरल सवाल नहीं पूछा। सारे सवाल मुश्किल में डालने वाले थे।


इम्तियाज़ अली ने बातचीत के दौरान बताया कि उन्हें डेली काॅलेज आकर बहुत अच्छा लग रहा है। उनके स्वागत और विद्यार्थियों की बातचीत से अभिभूत होकर उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी वैचारिक रूप से अत्यंत समृद्ध है और समय के साथ राब्ता बनाकर चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वे डेली काॅलेज परिसर में अपनी किसी फ़िल्म की शूटिंग अवश्य करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here